Women’s T20 World Cup 2026: खत्म हुआ वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम का सफर, ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली करारी हार, कप्तान हरमनप्रीत की फिफ्टी काम नहीं आई

Women's T20 World Cup 2026: आस्ट्रेलिया ने रविवार को भारत को छह विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ भारत महिला टी20 विश्व कप से बाहर हो गया है।

Women’s T20 World Cup 2026: खत्म हुआ वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम का सफर, ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली करारी हार, कप्तान हरमनप्रीत की फिफ्टी काम नहीं आई

Women's T20 World Cup 2026/Image Credit: AI

Modified Date: June 28, 2026 / 11:07 pm IST
Published Date: June 28, 2026 11:07 pm IST
HIGHLIGHTS
  • आस्ट्रेलिया ने रविवार को भारत को छह विकेट से हरा दिया।
  • इस हार के साथ भारत महिला टी20 विश्व कप से बाहर हो गया है।
  • टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलीया को 171 रनों का लक्ष्य दिया था।

Women’s T20 World Cup 2026: नई दिल्ली: वनडे विश्व चैम्पियन भारतीय टीम टी20 प्रारूप में उस प्रदर्शन को नहीं दोहरा सकी। एलिसे पैरी तथा एशले गार्डनर की शानदार पारियों के दम पर आस्ट्रेलिया ने रविवार को भारत को छह विकेट से हराकर महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण से ही बाहर कर दिया। जीत के लिये 171 रन का लक्ष्य एक ओवर बाकी रहते हासिल करके छह बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अपना 10वां विश्व कप खेल रही पैरी ने 38 गेंद में 56 और गार्डनर ने 29 गेंद में नाबाद 53 रन बनाये। दोनों ने चौथे विकेट के लिये 100 रन की साझेदारी की।

शुरआती झटकों के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने दिखाया दम

आस्ट्रेलिया ग्रुप वन में दस अंक लेकर शीर्ष पर रही जबकि भारत छह अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका भी सेमीफाइनल में पहुंच गया जिसने दिन में एक अन्य मैच में बांग्लादेश को हराया था। आस्ट्रेलिया की शुरूआत अच्छी नहीं रही और दसवें ओवर में ही 68 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए थे । सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल और अनुभवी बेन मूनी सस्ते में आउट हो गए। वोल को पहले ही ओवर में रेणुका सिंह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद पैरी और गार्डनर ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। अपने बरसों के अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए उन्होंने जोखिम लिये बिना रन बनाये। गार्डनर ने स्पिनर श्री चरणी और शेफाली वर्मा को छक्के लगाये। पैरी ने 33 गेंद में और गार्डनर ने 29 गेंद में अर्धशतक पूरे किये।

टीम इंडिया ने बनाए थे 170 रन

इससे पहले कप्तान हरमनप्रीत के 27 गेंद में 56 रन की मदद से भारत ने चार विकेट पर 170 रन बनाये हालांकि बाकी भारतीय बल्लेबाज तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे। भारत की शुरूआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (38) और शेफाली वर्मा (34) ने 66 रन की साझेदारी की । दोनों हालांकि तेजी से रन नहीं बना सकी और रनरेट कभी सात के ऊपर नहीं गया। (Women’s T20 World Cup 2026) शेफाली ने आफ स्पिनर एशले गार्डनर को दो छक्के लगाये और मंधाना ने तेज गेंदबाज किम गार्थ को दो चौके लगातार जड़े लेकिन इसके अलावा बड़े शॉट कम ही दिखे ।

भारत ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिये थे। इसके बाद शेफाली ने आक्रामक खेलने की कोशिश की लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू को बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठी। मंधाना भी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और जेमिमा रौड्रिग्स (28 गेंद में 34) के साथ हुई गलतफहमी के कारण एक रन चुराने के प्रयास में पिच के बीच आ गई और डीप से जॉर्जिया वेयरहैम ने गेंदबाज लूसी हैमिल्टन को सटीक थ्रो फेंककर उन्हें रन आउट कर दिया।

कप्तान कौर ने की शानदार बल्लेबाजी

जेमिमा ने मोलिनू को चौका लगाकर शुरूआत की लेकिन बाकी पारी में वह लय कायम नहीं रख सकी। वनडे विश्व कप में आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की नायिका रही जेमिमा को 27 के स्कोर पर जीवनदान भी मिला। तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड की अगली गेंद पर उन्होंने डीप में छक्का लगाया। आखिरी ओवर से पहले वह रिटायर्ड हर्ट हो गई। आक्रामक बल्लेबाज रिचा घोष एक ही गेंद खेल सकी। हरमनप्रीत ने हालांकि तेजी से रन बनाये। उन्होंने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े और इस ओवर में 23 रन बने।

इन्हें भी पढ़ें:-


लेखक के बारे में

I am a content writer at IBC24 and I have learned a lot here so far and I am learning many more things too. More than 3 years have passed since I started working here. My experience here has been very good.