दिग्गज तेंदुलकर ने घर पर प्रशंसकों के साथ मनाया 53वां जन्मदिन

Ads

दिग्गज तेंदुलकर ने घर पर प्रशंसकों के साथ मनाया 53वां जन्मदिन

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 04:41 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, 24 अप्रैल (भाषा) भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को अपना 53वां जन्मदिन अपने घर पर परिवार और विभिन्न आयु वर्ग के प्रशंसकों की मौजूदगी में मनाया।

इस मौके पर उनकी पत्नी अंजलि भी उनके साथ मौजूद रहीं।

‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर ने अपने आवास पर पहुंचे प्रशंसकों की तालियों और उत्साह के बीच केक काटा।

उन्होंने इस दौरान अपनी तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनी एक छोटी बच्ची को देखकर उसे गोद में भी उठा लिया, जिससे माहौल और भावुक हो गया।

तेंदुलकर ने इससे पहले दिन की शुरुआत में सोशल मीडिया पर अपनी मां, पत्नी अंजलि और अपने पालतू कुत्ते के साथ एक तस्वीर साझा की।

उन्होंने लिखा, “मेरी सुबह की परफेक्ट शुरुआत आई (मां), अंजलि और इस शरारती के साथ हुई। इससे बेहतर क्या हो सकता है।”

पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने तेंदुलकर के जन्मदिन के मौके पर आयोजित ‘लीजेंड्स क्लब’ कार्यक्रम के दौरान उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने ‘पीटीआई’ से कहा, “मैं अपने भाई सचिन को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। उन्हें ढेर सारा प्यार और सम्मान मिले।”

उन्होंने कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि वह स्वस्थ रहें। मैं प्रार्थना करता हूं कि वह हमें प्रेरित करते रहें। मैं उनके लिए ढेर सारी खुशियां और प्यार की कामना करता हूं।”

भाषा आनन्द नमिता

नमिता