इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 का आगाज 30 अक्टूबर से
इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 का आगाज 30 अक्टूबर से
नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने मंगलवार को कहा कि इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) के 2026-27 सत्र की शुरुआत 30 अक्टूबर से होगी। यह घोषणा सभी 11 प्रतिभागी क्लबों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद की गई।
बैठक में 2025-26 सत्र की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि दर्शकों की संख्या और कुल प्रसारण प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक रहा तथा यह 2024-25 सत्र की तुलना में चार गुना अधिक रहा।
आगामी सत्र के लिए नियमों में बदलाव के तहत परिषद ने एक मैच के दौरान मैदान पर अधिकतम तीन विदेशी खिलाड़ियों के एक साथ खेलने की अनुमति देने वाले नियम को मंजूरी दी।
लीग का विस्तार भी किया जाएगा और नगालैंड तथा ओडिशा को नए आयोजन स्थलों के रूप में शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा आगामी सत्र के आईएफएल चार्टर, प्रस्तावित बजट और प्रायोजन पैकेज पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
एआईएफएफ के उप महासचिव एम सत्यनारायण ने बैठक को बेहद सौहार्दपूर्ण बताया।
सत्यनारायण ने कहा, ‘‘पिछला सत्र भले ही छोटा रहा हो लेकिन लीग ने काफी दिलचस्पी पैदा की और दर्शकों की संख्या बेहद उत्साहजनक रही। अब हम पूरी तरह से घरेलू और विरोधी के मैदान पर खेले जाने वाले सत्र को लेकर उत्साहित हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नयी टीमों और नये आयोजन स्थलों के लीग में शामिल होने से काफी कुछ देखने को मिलेगा और इन सभी चीजों से आईएफएल को लेकर उत्साह बढ़ेगा।’’
मंगलवार की औपचारिक बैठक से पहले आईएफएल क्लबों के प्रतिनिधियों और सत्यनारायण ने सोमवार को नयी दिल्ली में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी से मुलाकात की। इस दौरान आगामी सत्र के लिए प्रसारण साझेदारी पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने एक और सफल सहयोग को लेकर आशा जताई।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


