एक ट्रायल का नतीजा उनके योगदान को कम नहीं कर सकता, विनेश पर बजरंग ने कहा

एक ट्रायल का नतीजा उनके योगदान को कम नहीं कर सकता, विनेश पर बजरंग ने कहा

एक ट्रायल का नतीजा उनके योगदान को कम नहीं कर सकता, विनेश पर बजरंग ने कहा
Modified Date: May 30, 2026 / 10:04 pm IST
Published Date: May 30, 2026 10:04 pm IST

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया ने शनिवार को विनेश फोगाट से हिम्मत नहीं हारकर अधिकारियों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखने की बात कही।

यह बात उन्होंने तब कही जब विनेश की प्रतिस्पर्धी कुश्ती में वापसी की कोशिशें यहां हुए एशियाई खेलों के चयन ट्रायल के दौरान निराशाजनक रूप से खत्म हो गईं।

विनेश 53 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से 4-6 से हार गईं जिससे एशियाई खेलों की टीम में जगह बनाने की उनकी उम्मीदें खत्म हो गईं।

पूनिया ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘विनेश फोगाट ने वर्षों तक देश के लिए लड़कर तिरंगे का मान बढ़ाया है। एक ट्रायल का नतीजा उनके योगदान को कम नहीं कर सकता। ’’

तोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पूनिया ने कहा, ‘‘विनेश, अपना संघर्ष जारी रखो। एक चैंपियन हार से नहीं हारता, बल्कि हार मान लेने से हारता है। ’’

उन्होंने तत्कालीन डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ लंबे समय तक चले विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था जिन पर कुछ महिला पहलवानों के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप था।

पूनिया ने लिखा, ‘‘विनेश, अपना संघर्ष जारी रखो। एक चैंपियन हार से नहीं, बल्कि हार मान लेने से हारता है। ’’

उन्होंने किसी का नाम लिए बिना अधिकारियों की परोक्ष रूप से आलोचना भी की।

उन्होंने कहा, ‘‘आज भारतीय कुश्ती में जो कुछ भी हो रहा है, पूरा देश उसे देख रहा है और समझ भी रहा है। एथलीटों के प्रति निष्पक्षता, सम्मान और पारदर्शिता हर खेल संस्था की जिम्मेदारी है। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में