वेलालगे की अगुवाई में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने इंग्लैंड को नौ विकेट पर 146 रन पर रोका

वेलालगे की अगुवाई में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने इंग्लैंड को नौ विकेट पर 146 रन पर रोका

वेलालगे की अगुवाई में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने इंग्लैंड को नौ विकेट पर 146 रन पर रोका
Modified Date: February 22, 2026 / 05:16 pm IST
Published Date: February 22, 2026 5:16 pm IST

पाल्लेकल, 22 फरवरी (भाषा) खब्बू स्पिनर दुनिथ वेलालगे (26 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप मैच में मंगलवार के यहां इंग्लैंड को नौ विकेट पर 146 रन पर रोक दिया।

इंग्लैंड की ओर से फिल सॉल्ट ने 40 गेंदों पर सबसे ज्यादा 62 रन की पारी खेली, जबकि बाकी बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे।

ग्रुप चरण में संघर्ष करने के बाद टूर्नामेंट के सुपर आठ चरण में इंग्लैंड की शुरुआत कप्तान हैरी ब्रूक के आक्रामक क्रिकेट खेलने के दावे के बिल्कुल उलट रही। श्रीलंका ने पावरप्ले में इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को जकड़ कर रखा और दो विकेट झटकते हुए पहले छह ओवर में सिर्फ 37 रन दिये।

पिच पर गेंदबाजों को कुछ मदद जरूर थी, लेकिन बल्लेबाजों ने इसे जरूरत से ज्यादा मुश्किल बना दिया।

टूर्नामेंट में जोस बटलर के खराब फॉर्म और स्पिन के खिलाफ हालिया संघर्ष को देखते हुए श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका का पावरप्ले में वेलालगे को गेंद सौंपना सही साबित हुआ।

वेलालगे ने अपने पहले तीन ओवरों में बटलर और ब्रूक (सात गेंदों पर 14 रन) को आउट कर इंग्लैंड को 10 ओवर में चार विकेट पर 68 रन की मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया।

वेलालगे ने धीमी गेंद पर ब्रुक को छकाया। यह गेंद टर्न होने के बाद उनके बल्ले को चकमा देते हुए पैड पर लगी।

बटलर (14 गेंदों पर सात रन) रिवर्स स्वीप की कोशिश में दिन के पहले शिकार बने। वह पगबाधा करार दिये गये।

उनकी यह धीमी पारी इंग्लैंड टीम प्रबंधन को अगले मैच में बेन डकेट जैसे बल्लेबाज को मौका देने पर विचार करने के लिए मजबूर कर सकती है। नॉटिंघमशर के इस बल्लेबाज का खासकर स्पिन के खिलाफ रिकॉर्ड काफी अच्छा है।

तीक्षणा ने (चार ओवर में 21 रन पर दो विकेट) ने जैकब बेथेल को आउट किया, जिनका शॉट थर्ड मैन पर खड़े दिलशान मधुशंका (चार ओवर में 25 रन पर दो विकेट) के हाथों में चला गया। मधुशंका ने नयी गेंद से किफायती गेंदबाजी करते हुए शुरुआती तीन ओवर में सिर्फ 16 रन दिए।

टॉम बैंटन (छह) रन आउट होकर पवेलियन लौटे, जबकि सैम कुरेन चमीरा की गेंद पर बड़े शॉट खेलने के प्रयास में बाउंड्री के पास कैच दे बैठे।

टूर्नामेंट में पहली बार पावरप्ले को पार करने वाले सॉल्ट ने इस बीच कुछ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने वेलालगे की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर छक्का जड़ा और चमीरा के खिलाफ फाइन लेग के ऊपर भी एक बड़ा शॉट खेला। सॉल्ट ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

वेलालगे ने वापसी करते हुए अपने दूसरे स्पैल में सॉल्ट को आउट किया जिसके बाद इंग्लैंड की पारी बिखरती चली गयी।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में