तिलक वर्मा ने टीजी20 में 56 गेंद में 136 रन बनाये
तिलक वर्मा ने टीजी20 में 56 गेंद में 136 रन बनाये
हैदराबाद, 23 जून (भाषा) भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला की तैयारी पुख्ता करते हुए यहां टीजी20 में 56 गेंद में नाबाद 136 रन बनाकर यहां वारंगल वारियर्स के खिलाफ मेडक फाल्कंस को तीन विकेट से जीत दिलाई ।
जीत के लिये 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक ने आक्रामक शुरूआत की । उनकी टीम ने चौथे ही ओवर में 50 रन बना लिये । तिलक ने 22 गेंद में अर्धशतक पूरा करके अपनी टीम को आठवें ओवर में सौ रन के पार पहुंचा दिया ।
आखिरी पांच ओवर में उन्हें 65 रन की जरूरत थी । तिलक ने 42 गेंद में शतक पूरा किया और विक्रम के साथ 58 रन की साझेदारी की । विक्रम (27) 19वें ओवर में आउट हुए जब दो ओवर में 20 रन की जरूरत थी ।
तिलक ने अपनी पारी में 14 चौके और आठ छक्के लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया ।
इससे पहले वारियर्स के कप्तान अमन राव पेराला ने 32 गेंद में शतक लगाया और 48 गेंद में 142 रन की पारी खेली ।
तिलक टूर्नामेंट में एकमात्र यही मैच खेल रहे हैं । वह 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ शुरू हो रही टी20 श्रृंखला में भारतीय टीम का हिस्सा हैं ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


