शीर्ष वरीय निकी पूनाचा-प्रूच्या इसारो ने चेन्नई ओपन युगल खिताब जीता

शीर्ष वरीय निकी पूनाचा-प्रूच्या इसारो ने चेन्नई ओपन युगल खिताब जीता

शीर्ष वरीय निकी पूनाचा-प्रूच्या इसारो ने चेन्नई ओपन युगल खिताब जीता
Modified Date: February 14, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: February 14, 2026 8:30 pm IST

चेन्नई, 14 फरवरी (भाषा) भारत के निकी पूनाचा और थाईलैंड के प्रूच्या इसारो की शीर्ष वरीय जोड़ी ने शनिवार को यहां चेन्नई ओपन एटीपी चैलेंजर पुरुष अंतरराष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप का युगल खिताब जीता।

भारत और थाईलैंड की इस जोड़ी ने ब्रिटेन के जे क्लार्क और भारत के मुकुंद शशिकुमार के खिलाफ शुरुआती झटके से उबरते हुए 6-4, 6-4 से मुकाबला अपने नाम कर खिताब जीत लिया।

यह जीत पूनाचा के करियर का सातवां एटीपी चैलेंजर युगल खिताब और इसारो का चौथा खिताब है।

पिछले साल शंघाई चैलेंजर में मिली सफलता के बाद यह उनका साथ में दूसरा खिताब भी था।

पूनाचा और इसारो की जोड़ी ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपना ग्रैंडस्लैम पदार्पण किया था। उन्हें 2,980 डॉलर (2,71,180 रुपये) की पुरस्कार राशि और 50 एटीपी रैंकिंग अंक मिले।

क्लार्क और शशिकुमार ने 30 अंक और 1,740 डॉलर (1,58,340 रुपये) की पुरस्कार राशि का चेक जीता।

एकल फाइनल में दूसरे वरीय फेडेरिको ऑगस्टिन गोमेज का मुकाबला रविवार को छठे वरीय फ्रेडेरिको फेरेरा सिल्वा से होगा।

सेमीफ़ाइनल में गोमेज़ ने पोलैंड के मैक्स कास्निकोव्स्की को दो घंटे 18 मिनट में 6-3, 2-6, 7-5 से हराया जबकि पुर्तगाल के फरेरा सिल्वा ने इलिया सिमाकिन पर 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में