पुणे में यूसीआई रोड विश्व चैम्पियनशिप 2032 में

पुणे में यूसीआई रोड विश्व चैम्पियनशिप 2032 में

पुणे में यूसीआई रोड विश्व चैम्पियनशिप 2032 में
Modified Date: September 24, 2026 / 12:17 pm IST
Published Date: September 24, 2026 12:17 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा ) पुणे में यूसीआई रोड विश्व चैम्पियनशिप 2032 में होगी और पहली बार साइकिलिंग का यह वैश्विक टूर्नामेंट भारत में होने जा रहा है ।

महाराष्ट्र सरकार और भारतीय साइकिलिंग महासंघ भारत सरकार के सहयोग से इसका आयोजन कर रहे हैं ।

इस फैसले की घोषणा कनाडा के मांट्रियल में यूसीआई कांग्रेस में हुई । महाराष्ट्र सरकार का एक दल पुणे की दावेदारी पेश करने के लिये वहां मौजूद था । उनके अलावा भारतीय साइकिलिंग महासंघ के महासचिव मनिंदर पाल सिंह और एशियाई साइकिलिंग परिसंघ के पूर्व महासचिव ओंकार सिंह भी मौजूद थे ।

कोलंबिया और मैक्सिको के बाहर होने के बाद पुणे और नीदरलैंड के ग्रोनिंजेन / ड्रेंथे के बीच मुकाबला था ।

यूसीआई की तीन सदस्यीय टीम ने चार से छह सितंबर तक पुणे का दौरा करके बालेवाड़ी स्टेडियम और पुणे यूनिवर्सिटी सर्किट समेत प्रमुख आयोजन स्थलों और रेस के बुनियादी ढांचे का दौरा किया था ।

यूसीआई रोड विश्व चैम्पियनशिप अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग कैलेंडर के अहम टूर्नामेंटों में से है जिसमें दुनिया के शीर्ष राइडर भाग लेते हैं ।

भाषा मोना आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में