चीनी ताइपे को हराकर भारतीय पुरुष कबड्डी टीम सेमीफाइनल में

चीनी ताइपे को हराकर भारतीय पुरुष कबड्डी टीम सेमीफाइनल में

चीनी ताइपे को हराकर भारतीय पुरुष कबड्डी टीम सेमीफाइनल में
Modified Date: September 24, 2026 / 11:22 am IST
Published Date: September 24, 2026 11:22 am IST

नागोया, 24 सितंबर (भाषा) गत चैंपियन भारत ने चीनी ताइपे को 37-21 से हराकर बृहस्पतिवार को एशियाई खेलों की पुरुष कबड्डी स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

यह ग्रुप चरण में भारत की लगातार चौथी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया, जापान और बांग्लादेश को हराया था। इस तरह भारत ने ग्रुप चरण में अपने सभी मुकाबले जीतकर कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया।

भारत ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और हाफ टाइम तक 23-11 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने दबदबा बनाए रखा और इस दौरान 14-10 से आगे रही।

भारत ने सफल रेड से 28 अंक, तीन बोनस अंक और ऑलआउट से छह अंक हासिल किए।

कबड्डी को 1990 में एशियाई खेलों में शामिल किए जाने के बाद से भारतीय पुरुष टीम ने नौ पदक जीते हैं। इनमें आठ स्वर्ण पदक शामिल हैं। 2018 में भारत का स्वर्ण पदक जीतने का सिलसिला टूटा था, जब टीम को कांस्य पदक मिला था।

भारतीय महिला टीम ने भी ग्रुप चरण में लगातार दो जीत दर्ज की हैं। उसने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को हराने के बाद ईरान को 37-23 से शिकस्त दी।

भारतीय महिला टीम का ग्रुप चरण में अगला मुकाबला मेजबान जापान से होगा।

भाषा

आनन्द आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में