टोरंटो, 21 जून (एपी) डेनिज उंदाव ने दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरने के बाद दो गोल किए, जिससे जर्मनी ने लगभग 40 मिनट तक एक गोल से पिछड़ने के बाद आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।
ग्रुप ई के इस मैच में उंदाव ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के चौथे मिनट में दूसरा और निर्णायक गोल किया। उन्हें गोलपोस्ट के सामने फेलिक्स नमेचा से एक पास मिला और उन्होंने आइवरी कोस्ट के गोलकीपर याहिया फोफाना को चकमा देते हुए गोल दाग दिया।
उंदाव ने इससे पहले मैच का पहला गोल 68वें मिनट में किया। तब नादिएम अमीरी ने एक लंबा पास दिया, जिसे स्ट्राइकर काई हावर्ट्ज़ ने उंदाव के पास जाने दिया जिन्होंने उस पर गोल करने में कोई गलती नहीं की। अमीरी और उंदाव दोनों आठ मिनट पहले ही मैदान में आए थे।
इससे पहले आइवरी कोस्ट के कप्तान फ्रैंक केसी ने 30वें मिनट में गोल करके जर्मनी पर दबाव बढ़ा दिया था। मिडफील्डर यान डियोमांडे ने फॉरवर्ड अमाद डियालो को एक क्रॉस पास दिया। डियालो के शॉट को जर्मनी के नथानिएल ब्राउन ने रोक दिया, लेकिन गेंद उछलकर केसी के पास आ गई, जिन्होंने उसे नेट के बाएं कोने में खाली जगह में डाल दिया।
चार बार का चैंपियन जर्मनी 2018 और 2022 में ग्रुप चरण से बाहर हो गया था। दूसरी तरफ आइवरी कोस्ट पहली बार नॉकआउट चरण में पहुंचने की कवायद में लगा है। वह अब भी अगले दौर में पहुंचने की दौड़ में बना हुआ है।
जर्मनी लगातार दूसरी जीत से ग्रुप ई में शीर्ष पर काबिज है जबकि आइवरी कोस्ट के तीन अंक हैं। जर्मनी आखिरी बार 2014 में ग्रुप चरणों से आगे बढ़ा था और तब उसने खिताब जीता था।
जर्मनी ने मैच में अच्छी शुरुआत की थी लेकिन पहले हाफ में उसके दो गोल रद्द कर दिए गए। पहला गोल 21वें मिनट में हुआ जब फोफाना ने गेंद को अपने ही गोल में डाल दिया था। लेकिन तब जर्मनी के मिडफील्डर एलेक्जेंडर पावलोविच ने फोफाना को गलत तरीके से स्पर्श किया था जिसके कारण यह आत्मघाती गोल अमान्य करार दे दिया गया।
दूसरा गोल 38वें मिनट में हावर्ट्ज़ ने किया लेकिन फाउल के कारण इसे भी रद्द कर दिया गया था।
एपी
पंत
पंत