कोहली की फिटनेस जांच 22 जून को, हार्दिक इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर

Ads

कोहली की फिटनेस जांच 22 जून को, हार्दिक इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 05:56 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)के दौरान लगी दाहिने पैर की मांसपेशियों की चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं और दोबारा जांच और आगे की योजना के लिए 22 जून को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में रिपोर्ट करेंगे।

पता चला है कि सीओई की खेल विज्ञान टीम के एक सदस्य ने कोहली को रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम देने से पहले उनकी फिटनेस का जायजा लेने के लिए ब्रिटेन का दौरा किया था। कोहली अपने परिवार के साथ लंदन रहते हैं।

उन्हें अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल फाइनल के दौरान मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी।

सीओई की खेल विज्ञान टीम की ओर से चयन समिति और टीम प्रबंधन को भेजे गए फिटनेस अपडेट में कहा गया, ‘‘आईपीएल में दाहिने पैर की मांसपेशियों में चोट के बाद विराट कोहली अच्छी तरह उबर रहे हैं। लंदन में सीओई की टीम ने उनकी जांच की और उन्हें रिहैब के शुरुआती चरण के लिए कार्यक्रम दिया। वह दोबारा जांच, आगे की योजना और मंजूरी के लिए 22 जून को सीओई में रिपोर्ट करेंगे। ’’

मामले की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘विराट को सोमवार को बेंगलुरु में फिटनेस जांच के बाद फिटनेस मंजूरी मिलेगी। उससे पहले, वह रविवार को दिल्ली में एक प्रमोशनल कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। ’’

इस बीच ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले लगी (क्वाड्रिसेप्स की) चोट से उबर नहीं पाए हैं। वह अपने पूरे कोटे के ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं और उन्हें इंग्लैंड वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है।

पंड्या को पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘हार्दिक पंड्या वनडे प्रारूप के लिए जरूरी गेंदबाजी और ‘कंडिशनिंग’ हासिल नहीं कर पाए हैं और उन्हें वनडे के लिए पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा। ’’

चयन की दौड़ में शामिल बाकी सभी खिलाड़ी फिट हैं।

कोहली की उपलब्धता पर अंतिम अपडेट मिलने के बाद वनडे टीम की घोषणा की जाएगी।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर