वलासिच के विजयी गोल से क्रोएशिया शान से नॉकआउट में पहुंचा

Ads

वलासिच के विजयी गोल से क्रोएशिया शान से नॉकआउट में पहुंचा

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 08:37 AM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 08:37 AM IST

फिलाडेल्फिया, 28 जून (एपी) लुका मोड्रिक ने कॉर्नर किक को छह गज वाले बॉक्स के शीर्ष तक पहुंचाया और निकोला वलासिच ने कई खिलाड़ियों की मौजूदगी में ऊंची छलांग लगाकर गेंद को हेडर से गोल में पहुंचा दिया जिससे क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से हराकर शान के साथ विश्व कप फुटबॉल के अगले दौर में जगह बनाई।

इस तरह से 40 वर्षीय मोड्रिक विश्व कप इतिहास में गोल में मदद करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। क्रोएशिया की तरफ से वलासिच (83वें मिनट) के अलावा पीटर सुसिच (31वें) ने भी गोल किया। घाना के लिए डेरिक लुकासेन ने 73वें मिनट में बराबरी का गोल दागा था।

इस जीत से क्रोएशिया ने छह अंक लेकर ग्रुप एल में इंग्लैंड के बाद दूसरा स्थान हासिल किया जबकि घाना चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। क्रोएशिया पिछले विश्व कप में कुल मिलाकर तीसरे स्थान पर रहा था।

सुसिच ने मोड्रिक के बारे में कहा, ‘‘‘मैच के बाद मैंने उससे कहा, तुम 20 साल के लड़के की तरह खेलते हो। वह बहुत दौड़ता है। हर मुकाबले में डटकर खेलता है। गेंद पर उसका नियंत्रण लाजवाब था। वह हमारा लीडर है। वह हमारा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है और हमें बहुत खुशी है कि वह इस विश्व कप में हमारी अगुवाई कर रहा है।’’

मोड्रिक ने 40 साल और 291 दिन की उम्र में ‘असिस्ट’ (गोल में मदद करना) का रिकॉर्ड बनाया। यह रिकॉर्ड 1966 से रखा जा रहा है। मोड्रिक ने 2018 में बैलोन डीओर जीता था। उन्होंने इस विश्व कप में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला।

वलासिच ने कहा, ‘‘लुका का कोई सानी नहीं। उसने आज अविश्वसनीय खेल दिखाया। क्रोएशिया की जर्सी में मैंने उसका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन देखा है।’’

क्रोएशिया के लिए सुसिच ने 31वें मिनट में बॉक्स के बाहर से एक शानदार शॉट लगाकर अपने करियर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय गोल किया।

लुकासेन ने बराबरी का गोल दागा। संक्षिप्त समीक्षा के बाद इसे गोल करार दिया गया जिससे घाना की पीले रंग की जर्सी पहने हजारों प्रशंसक खुशी से झूम उठे। नीदरलैंड के ब्रायन ब्रोबे के भाई लुकासेन ने 73वें मिनट में निचले दाएं कोने में गोल दागकर स्कोर 1-1 किया।

घाना के गोलकीपर बेंजामिन असारे ने इसके बाद एक अवसर पर डाइव लगाकर गेंद को नेट में जाने से रोका लेकिन इसके एक मिनट बाद ही वह वलासिच को रोकने में नाकाम रहे।

एपी

पंत

पंत