वावरिंका ने पहले दौर में हारने के बाद भावुक होकर फ्रेंच ओपन को अलविदा कहा

वावरिंका ने पहले दौर में हारने के बाद भावुक होकर फ्रेंच ओपन को अलविदा कहा

वावरिंका ने पहले दौर में हारने के बाद भावुक होकर फ्रेंच ओपन को अलविदा कहा
Modified Date: May 25, 2026 / 09:50 pm IST
Published Date: May 25, 2026 9:50 pm IST

पेरिस, 25 मई (एपी) स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी स्टेन वावरिंका ने सोमवार को पहले दौर में हार के साथ फ्रेंच ओपन को भावुक विदाई दी।

वावरिंका 2015 में फ्रेंच ओपन के चैंपियन रहे थे, जबकि 2017 में उपविजेता बने थे। इस 41 वर्षीय खिलाड़ी ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह इस सत्र के अंत में संन्यास ले लेंगे।

उन्होंने अपने पहले रोलां गैरो मुकाबले के 21 वर्ष बाद यहां आखिरी बार कोर्ट पर कदम रखा।

नीदरलैंड के जेस्पर डी जोंग ने वावरिंका को 6-3, 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। जीत के बाद डी जोंग ने दर्शकों से वावरिंका के सम्मान में तालियां बजाने का आग्रह किया।

इस हार के बाद भावुक वावरिंका ने कहा, “यहां आप सबसे विदा लेना बेहद कठिन है। रोलां गैरो ही वह जगह है, जिसकी वजह से मैंने टेनिस खिलाड़ी बनने का सपना देखा था।”

इस मौके पर ‘कोर्ट सिमोन-मैथ्यू’ पर दर्शकों ने खड़े होकर उनका जोरदार स्वागत किया। विदाई से पहले वावरिंका ने दर्शकों के साथ ‘मैक्सिकन वेव’ भी की।

वावरिंका ने स्वीकार किया कि टेनिस को अलविदा कहना आसान नहीं होगा, हालांकि उनके पास अभी विंबलडन और यूएस ओपन खेलने का अवसर बाकी है।

उन्होंने कहा, “पिछले 20 वर्षों से मैंने इन भावनाओं को जिया है और मन कभी नहीं चाहता कि यह सफर खत्म हो। मैंने इस खेल के लिए अपना सबकुछ झोंक दिया।”

वावरिंका ने 2015 में यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में नोवाक जोकोविच को हराकर खिताब जीता था। इससे पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल में महान खिलाड़ी रोजर फेडरर को भी मात दी थी।

मुकाबले के बाद वावरिंका ने स्टेडियम में अपने करियर के यादगार पलों का वीडियो देखा। उन्हें रोजर फेडरर, राफेल नडाल, नोवाक जोकोविच, विश्व नंबर एक यानिक सिनर और मौजूदा चैंपियन कार्लोस अलकराज के वीडियो संदेश भी दिखाए गए।

एपी आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में