इस साल पूरे टूर्नामेंट में हमारा दबदबा रहा: आरसीबी के कप्तान पाटीदार

Ads

इस साल पूरे टूर्नामेंट में हमारा दबदबा रहा: आरसीबी के कप्तान पाटीदार

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 11:38 AM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 11:38 AM IST

(जी उन्नीकृष्णन)

अहमदाबाद, एक जून (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना दूसरा खिताब उस दिन जीता जब कप्तान रजत पाटीदार अपना 33वां जन्मदिन मना रहे थे, लेकिन इस सुखद संयोग से भी कहीं अधिक वह प्रतियोगिता में अपनी टीम के शुरू से अंत तक के दबदबे से खुश थे।

आरसीबी ने पहले मैच से ही अच्छा प्रदर्शन किया। उसने अपने पहले मैच में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को बुरी तरह हराया और अब नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर खिताब जीता।

पाटीदार ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो पिछले साल बहुत दबाव था। इस साल टूर्नामेंट में हमारे प्रदर्शन की वजह से माहौल काफी शांत रहा। मुझे लगता है कि हमने न सिर्फ अच्छा खेल दिखाया, बल्कि इस साल हमने टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा भरोसा था कि अगर हम इसी तरह खेलते रहे तो हम निश्चित रूप से दूसरा खिताब जीतने में सफल रहेंगे।’’

पाटीदार ने इसके साथ ही अन्य टीम को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी टीम लगातार तीसरा खिताब जीतने के लिए भी कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सबसे अच्छा उपहार है क्योंकि आज (रविवार) मेरा जन्मदिन है। कुल मिलाकर अच्छा लग रहा है, लेकिन मैं वर्तमान में जीने की कोशिश करता हूं। हमें इस बात पर अधिक ध्यान देना होगा कि हम लगातार तीसरी (खिताबी) जीत कैसे हासिल कर सकते हैं।’’

पाटीदार ने आरसीबी की इस जीत में एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में अहम भूमिका निभाई। मध्य प्रदेश के इस क्रिकेटर ने कहा कि कैसे उन्होंने चुपचाप आरसीबी का नेतृत्व किया, जो उनके पूर्ववर्ती कप्तानों विराट कोहली और फाफ डुप्लेसी की आक्रामक शैली से बिल्कुल अलग था।

उन्होंने कहा, ‘‘कप्तानी का मेरा तरीका अलग है। मैं ज्यादा खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं करता, लेकिन साथ ही खेल की स्थिति से भी पूरी तरह वाकिफ रहता हूं। मुझे प्रबंधन और खिलाड़ियों दोनों का भरपूर समर्थन मिला।’’

पाटीदार ने इस सत्र में 501 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 192.69 रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि बल्लेबाजी में मैं खुद को कितना समय दे रहा हूं क्योंकि अपनी बल्लेबाजी को समझना महत्वपूर्ण है। आईपीएल से पहले मैंने नेट पर पर्याप्त अभ्यास किया था।’’

पाटीदार ने कहा, ‘‘मैंने (आरसीबी के मार्गदर्शक) डीके भाई (दिनेश कार्तिक) से इस बारे में काफी बातचीत की कि मैं और बेहतर कैसे कर सकता हूं, जैसे कुछ तकनीकी बदलाव। मैंने टीम से जुड़ने के बाद भी कड़ी मेहनत जारी रखी। इससे एक बल्लेबाज के रूप में मुझे काफी स्पष्टता मिली।’’

पाटीदार ने लगातार दूसरे साल खिताब जीतने में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के योगदान की जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास उनके योगदान को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। विराट कोहली कड़ी मेहनत करने वाले खिलाड़ी हैं। वह एक महान खिलाड़ी हैं। मैदान पर और मैदान के बाहर हम सभी को उनसे सीखने का अवसर मिलता है।’’

पाटीदार ने कहा, ‘‘हम नाश्ते के दौरान काफी समय साथ में बिताते हैं। हम उनसे क्रिकेट या मैदान के बाहर की हर बात सीखने की कोशिश करते हैं। वे खिलाड़ियों से मिलते हैं और क्रिकेट के बारे में खूब बातें करते हैं। यह बहुत बढ़िया है।’’

भाषा

पंत

पंत