यमाल स्पेन के लिए नॉकआउट मैच खेलने के लिए फिट: कोच डे ला फुएंते

यमाल स्पेन के लिए नॉकआउट मैच खेलने के लिए फिट: कोच डे ला फुएंते

यमाल स्पेन के लिए नॉकआउट मैच खेलने के लिए फिट: कोच डे ला फुएंते
Modified Date: July 2, 2026 / 09:31 am IST
Published Date: July 2, 2026 9:31 am IST

इंगलवुड (अमेरिका), दो जुलाई (एपी) कोच लुई डे ला फुएंते ने बुधवार को कहा कि 18 साल के लैमिन यमाल अब इतने फिट हैं कि जरूरत पड़ने पर स्पेन के लिए पूरा विश्व कप मैच खेल सकते हैं।

बार्सीलोना के इस विंगर ने स्पेन के तीन ग्रुप मैच में सिर्फ 141 मिनट खेलते हुए एक गोल किया। इस तरह वह शायद इकलौते ऐसे सुपरस्टार हैं जिन्होंने सितारों से भरे मौजूदा विश्व कप में कोई खास कमाल नहीं दिखाया है।

यमाल को 22 अप्रैल को पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी जिसके बाद उनके उबरने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए स्पेन ने उनके खेलने के समय को सीमित रखा था।

नॉकआउट मुकाबले से पहले डे ला फुएंते ने सोफी स्टेडियम में संवाददाताओं से बात करते हुए संकेत दिया कि यमाल के उबरने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। स्पेन की टीम बृहस्पतिवार को राउंड ऑफ 32 मैच में ऑस्ट्रिया का सामना करेगी।

डे ला फुएंते ने एक अनुवादक के जरिए कहा, ‘‘लैमिन वह सब खेल सकते हैं जो हम उनसे खेलने के लिए कहेंगे। हमने उनके मामले में काफी सावधानी बरती है जैसा कि हम अपने सभी खिलाड़ियों की उबरने की प्रक्रिया के प्रबंधन के समय करते हैं। लैमिन अब बहुत अच्छा कर रहे हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि आप सभी देख सकते हैं कि वे कितना खेलना चाहते हैं।’’

इसके बाद कोच मुस्कुराए और कहा, ‘‘तो देखते हैं कि वह कल खेलते हैं या नहीं।’’

पैर की मांसपेशियों में चोट के कारण ला लीगा सत्र के आखिरी छह मैच नहीं खेलने के बावजूद यमाल ने बार्सीलोना के लिए सभी प्रतियोगिताओं में 24 गोल किए और 17 गोल करने में मदद की।

एपी सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में