(अमनप्रीत सिंह)
सियोल, 15 सितंबर (भाषा) भारत को दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप क्वालीफायर मुकाबले में अपने अहम युगल खिलाड़ी युकी भांबरी की कमी खलेगी क्योंकि यह अनुभवी खिलाड़ी जांघ की चोट के कारण बाहर हो गया है। इसके कारण टीम को इस महत्वपूर्ण मुकाबले से कुछ दिन पहले अपने युगल संयोजन पर फिर से विचार करना पड़ रहा है।
इस मैच का विजेता फाइनल्स में पहुंचेगा।
भारत के कप्तान रोहित राजपाल ने पुष्टि की कि भांबरी दूसरे दौर के मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
राजपाल ने कहा, ‘‘युकी भांबरी की जांघ की स्थिति ठीक नहीं है और हो सकता है कि वह डेविस कप खेलने के लिए उपलब्ध ना हों इसलिए हम इस पर काम कर रहे हैं कि हमारा संयोजन क्या होगा। हमें डेविस कप से एक हफ्ता पहले ऐसा नहीं करना चाहिए था लेकिन दुर्भाग्य से हमें ऐसा करना पड़ रहा है।’’
युकी को अमेरिकी ओपन के मुख्य ड्रॉ के मैच से पहले दाहिनी जांघ में खिंचाव की समस्या हुई थी और तभी से कोरिया के खिलाफ मुकाबले में उनके खेलने को लेकर संदेह बना हुआ था।
युकी की गैरमौजूदगी भारत की युगल योजनाओं के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि राजपाल ने पहले उन्हें दक्षिणेश्वर सुरेश के साथ जोड़ी बनाने के लिए चुना था। बेंगलुरु में नीदरलैंड के खिलाफ पिछले डेविस कप मुकाबले में यह संयोजन काफी असरदार रहा था।
राजपाल ने कहा, ‘‘पिछली बार मैंने युकी और डीके (दक्षिणेश्वर) को साथ खिलाया था क्योंकि युकी की सबसे बड़ी ताकत उसका रिटर्न है और यही डीके की कमजोरी है। वहीं युकी की सर्विस उनकी कमजोरी है और डीके की सर्विस बहुत जबरदस्त है। इस विपरीत संयोजन ने उन्हें एक बहुत मजबूत जोड़ी बना दिया था।’’
युकी के रिटर्न कौशल और दक्षिणेश्वर की दमदार सर्विस और वॉली ने एक-दूसरे के खेल में मदद की।
राजपाल ने कहा, ‘‘युकी ऐसा करते थे। और कद-काठी में बड़े और बेहतरीन वॉली खिलाड़ी दक्षिणेश्वर ने युकी की सर्विस पर दबाव कम कर दिया। इसलिए पिछली बार हमारे लिए यह संयोजन बहुत अच्छा रहा था।’’
अब भारत को अलग-अलग युगल संयोजन आजमाने के लिए मजबूर होना पड़ा है जिसमें अनुभवी एन श्रीराम बालाजी टीम के मुख्य विकल्प बनकर उभरे हैं क्योंकि वह युगल में दुनिया के शीर्ष 50 खिलाड़ियों में शामिल हो हैं।
राजपाल ने कहा, ‘‘बाला बहुत अच्छा खेल रहे हैं। इस बार युगल में वही मुख्य खिलाड़ी होंगे। जैसा कि आप जानते हैं कल ही वह युगल में शीर्ष 50 खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।’’
भारत को निकी पूनाचा का भी इंतजार है जिन्हें अब तक वीजा नहीं मिला है। बाएं हाथ के खिलाड़ी अनिरुद्ध चंद्रशेखर न्यूयॉर्क से आ चुके हैं।
राजपाल ने कहा, ‘‘हम अभी हर दिन युगल के लिए अलग-अलग संयोजन आजमा रहे हैं और हम तैयार रहेंगे।’’
कप्तान ने कहा कि सियोल में कोर्ट की धीमी परिस्थतियां भी युगल के लिए खिलाड़ियों के चयन पर असर डालेगी, विशेषकर इसलिए क्योंकि दक्षिणेश्वर को एकल में भी काफी खेलना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘कोर्ट धीमे हैं इसलिए हमें नहीं पता कि डीके को कितना अधिक खेलना पड़ सकता है और मैच कितने मुश्किल होंगे।’’
राजपाल ने कहा, ‘‘मैं नहीं चाहता कि दूसरे दिन होने वाले एकल मैच के लिए उनकी तैयारी या फिटनेस पर कोई असर पड़े। इसलिए बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि पहले दिन क्या होता है। उसी के हिसाब से हम तय करेंगे कि युगल कौन खेलेगा।’’
राजपाल ने कहा कि युगल के लिए अंतिम संयोजन इस बात पर निर्भर कर सकता है कि पहले दिन एकल मैच कैसे रहते हैं।
भाषा सुधीर मोना
मोना