पीलीभीत, 15 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत बाघ अभयराण्य (पीटीआर) के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में एक यूट्यूबर द्वारा टेंट लगाकर कथित तौर पर मांस पकाने और खाने का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामले में वन कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभयराण्य के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) मनीष सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर संबंधित युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और साइबर प्रकोष्ठ की मदद से उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि युवक की पहचान और घटना से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद वन कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो में युवक खारजा नहर के किनारे और शारदा सागर बांध के पास जंगल में टेंट लगाकर गैस चूल्हे पर मांस पकाता दिखाई दे रहा है।
यह वीडियो ‘ट्रैवलर विद सुमित’ नाम के पेज से सोमवार रात नौ बजे पोस्ट किया गया था।
अधिकारी के अनुसार, जंगल में मांस पकाने से निकलने वाली गंध जंगली जानवरों को आकर्षित कर सकती है, जिससे मनुष्य और वन्यजीवों के आमने-सामने आने का खतरा बढ़ सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद अभयराण्य की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र