मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 258 नए मामले, एक व्यक्ति की मौत

Ads

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 258 नए मामले, एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - February 3, 2021 / 08:15 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:14 PM IST

भोपाल, तीन फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 258 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 2,55,689 तक पहुंच गयी।

राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से एक और व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 3,816 हो गयी है।

मध्यप्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मुरैना जिले में बुधवार को लगातार आठवें दिन भी कोई व्यक्ति कोविड-19 संक्रमित नहीं पाया गया है और यह प्रदेश का एकमात्र जिला है, जहां पिछले दो दिनों से इस महामारी का कोई भी उपचाररत मरीज नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से ग्वालियर में एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’’

उन्होंने बताया, ‘‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 924 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 612, उज्जैन में 104, सागर में 150, जबलपुर में 251, खरगोन में 107 एवं ग्वालियर में 227 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में बुधवार को कोविड-19 के 44 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 99 नये मामले आये।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 2,55,689 संक्रमितों में से अब तक 2,49,443 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 2,430 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार को 250 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मध्यप्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत बुधवार को 32,346 लोगों को टीका लगाया गया। इसके साथ ही इस अभियान के तहत अब तक प्रदेश में कुल 3,31,107 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

भाषा रावत धीरज

धीरज