अंबिकापुर में प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक लेंगे शाह, समीक्षा के साथ रणनीति पर होगी चर्चा
अंबिकापुर में प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक लेंगे शाह, समीक्षा के साथ रणनीति पर होगी चर्चा
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 10 जून को अंबिकापुर पहुंच रहे हैं। यहां वे चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। पहले उनका कार्यक्रम यहां सिर्फ दो घंटे के लिए था लेकिन अब वे यहां रात गुजारेंगे। इस दौरान वे प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप और सभी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 14 जून को भिलाई दौरे पर आ रहे हैं। दोनों ही नेता की क्रमश: अंबिकापुर और भिलाई में आमसभा रखी गई है।
बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों को देखते हुए भाजपा का फोकस आदिवासी इलाकों पर ज्यादा है। इसी कड़ी में आदिवासी इलाकों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सभा कराई जा रही है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान योजना की लॉन्चिंग बीजापुर के जांगला से की थी। वहीं अब अमित शाह सरगुजा इलाके के दौरे पर पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें : सहकारी बैंक अध्यक्ष चुनाव में विवाद, संचालकों की गाड़ियों पर हमला
शाह अंबिकापुर में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की विकास यात्रा में शामिल होंगे। वे यहां रोड शो भी करेंगे। कांग्रेस के गढ़ माने जान वाले अंबिकापुर में यह रोड शो दो किलोमीटर लंबा होगा, जिसके लिए भाजयुमों को एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है, साथ ही बाइक रैली भी निकाली जाएगी।
अपने प्रवास के दौरान शाह जनसभा को तो संबोधित करेंगे ही, उसके अलावा वे केंद्रीय भाजपा के संपर्क फॉर जनसमर्थन जैसे अभियानों की छत्तीसगढ़ में स्थिति की समीक्षा भी करेंगे। साथ ही, कोर ग्रुप व पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेकर 65 प्लस सीटों के दिए हुए लक्ष्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों की गहन समीक्षा भी करेंगे। वे चुनाव और उससे पहले की रणनीति पर भी चर्चा करते हुए टिप्स भी देंगे।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


