भाजपा भविष्य में महाराष्ट्र में अपने बलबूते सरकार बनायेगी: फडणवीस
भाजपा भविष्य में महाराष्ट्र में अपने बलबूते सरकार बनायेगी: फडणवीस
मुंबई, 21 दिसम्बर (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि आने वाले समय में कई नेता उनकी पार्टी में शामिल होंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी महाराष्ट्र में भविष्य में अपने बलबूते सरकार बनाए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की राज्य इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल के उस बयान के मद्देनजर फडणवीस की यह प्रतिक्रिया सामने आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल होने के लिए भाजपा के 10 विधायक संपर्क में थे।
फडणवीस ने यह टिप्पणी उस कार्यक्रम में की जहां नासिक से शिवसेना के पूर्व विधायक बालासाहेब सानप भाजपा में शामिल हुए।
फडणवीस ने हालांकि कहा कि पार्टियों द्वारा इस तरह के दावे यह सुनिश्चित करने के वास्ते किये जा रहे है कि नाखुश विधायक शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को नहीं छोड़े।
उन्होंने दावा कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) एक साथ मिलकर चुनाव लड़ती है तो इससे उसके घटक दलों के लिए राजनीतिक आधार कमजोर हो जायेगा और इसका फायदा भाजपा को ही होगा।
फडणवीस ने कहा, ‘‘पार्टियों (एमवीए घटक दलों) ने हमें अपने बल पर (महाराष्ट्र में) अपनी ताकत बढ़ाने का मौका दिया है और हमें एक ऐसी पार्टी बनानी होगी जो अपने दम पर सरकार बनाएगी।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी में शामिल होने वाले लोग ‘‘परिपक्व और राजनीति को समझते हैं’’ और वे जानते हैं कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी या संप्रग देश का भविष्य नहीं हैं।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्हें इस बात का अंदाजा है कि इस देश का वर्तमान और भविष्य दोनों (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी है।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


