ठक्कर की गिरफ्तारी का विरोध करने पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

ठक्कर की गिरफ्तारी का विरोध करने पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - November 1, 2020 / 04:25 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:33 PM IST

नागपुर, एक नवंबर (भाषा) पुलिस ने ट्विटर उपयोगकर्ता समीत ठक्कर की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया। ठक्कर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके पुत्र तथा मंत्री आदित्य के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सदर थाना के एक अधिकारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पुलिस की अनुमति के बिना शनिवार शाम यहां आकाशवाणी चौक पर प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा की युवा शाखा भाजयुमो के झंडे ले रखे थे।

पुलिस ने एक बयान में कहा है कि जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें शिवानी दानी वाखरे, परेंद्र विक्की पटेल, योगेश रूपराव पचपोर, आलोक पांडे और 40 अन्य लोग शामिल हैं। ट्विटर पर दी गयी जानकारी में शिवानी को महाराष्ट्र भाजयुमो का महासचिव बताया गया है।

पुलिस के अनुसार गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने और कोरोना वायरस संबंधी दिशानिर्देशो का उल्लंघन करने के लिए उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 143, 149, 188, 269 और 270 तथा महामारी रोग अधिनियम व आपदा प्रबंधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा अविनाश वैभव

वैभव