विधानसभा में गूंजे किसान आत्महत्या और बेरोजगारी के मामले, सांवलाराम की इस बात पर लगे ठहाके
विधानसभा में गूंजे किसान आत्महत्या और बेरोजगारी के मामले, सांवलाराम की इस बात पर लगे ठहाके
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को किसान आत्महत्या का मामला उठा। विधायक आर के राय ने पूछा कि मरवाही में 3 वर्षों में किसान आत्महत्या के कितने प्रकरण सामने आए हैं। इस पर राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय जवाब दिया कि एक भी किसान ने मरवाही में आत्महत्या नहीं की है।
इस पर आर के राय ने कहा कि 7 जून 2018 को सुरेश सिंह मरावी ने आत्महत्या की है लेकिन सरकार भ्रमित कर रही है। मंत्री पांडेय ने कहा कि सवाल लगने की तिथि तक ऐसी जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष टी एस सिंहदेव ने प्रदेश में 15 जून 2018 तक के पंजीकृत बेरोजगारों की जानकारी मांगी। कितना रोजगार दिया गया है, इसकी भी जानकारी मांगी। इसके लिखित जवाब में मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने बताया कि 2014 से 15 जून 2018 तक 14 लाख 25 हजार 264 पंजीकृत बेरोजगार है। जिला रोजगार कार्यालयों के माध्यम से वर्ष 2014 से 15 जून 2018 तक 1202 लोगो को शासकीय सेवा में और 31 हजार 597 लोगों को निजी संस्थानों में रोजगार दिया गया है। वहीं रोजगार मेला के माध्यम से 20 हजार 603 बेरोजगार को रोजगार मिला है।
यह भी पढ़ें : जोगी के साथ पीएम आवास जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, गिरफ्तार
बीजेपी के सदस्य राजमहन्त सांवलाराम डाहरे ने दुर्ग जिले में भू–अर्जन के प्रकरणों की जानकारी मांगी। मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय जब संख्या निरंक बताई तो डाहरे ने कहा कि रोड निर्माण के दौरान 97 किसान प्रभावित हुए। मुआवजे का प्रकरण कलेक्टर कार्यालय में लंबित है। कहा अन्य मामले में 22 किसान मुआवजे के लिए भटक रहे है, ऐसे में मामले में निरंक कहा जाना अनुचित है। मंत्री ने कहा आपसी सहमति से भूमि ली गई और रजिस्ट्री के बाद उन्हें पैसा मिल जाएगा। मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय द्वारा इस मामले में एक तरीके से घूमा-घूमा कर जवाब देने से डाहरे ने कहा कि महाराज घुमा रहे हैं, ये सुनकर सदन में ठहाके लगे।
इधर कांग्रेस के मोहन मरकाम ने इंजीनियरिंग डिग्रीधारी युवाओं के रोजगार नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि 25 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देंगे कहा गया था, क्या ऐसा हुआ है। BE और ME करने वाले युवा खाली बैठे हुए हैं। उच्च शिक्षा मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने जवाब में बताया कि 6468 युवाओं को रोजगार दिया गया है। सरकार बच्चों को प्रशिक्षण दे दे रही है। हम प्लेसमेंट के अलावा युवाओं को ट्रेंड भी कर रहे हैं। PWD में इंजीनियर का पंजीयन करवा कर उन्हें एक करोड़ रुपए का ठेका दिलवा रहे हैं।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


