अमरावती (आंध्र प्रदेश), 11 दिसंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश ने प्रति दस लाख की जनसंख्या पर दो लाख नमूनों की जांच करवाकर शुक्रवार को कोविड-19 के प्रबंधन में एक और उपलब्धि हासिल की।
राज्य में प्रति दस लाख पर 2,00,367 नमूनों की जांच की दर से अबतक कोरोना वायरस को लेकर 1,06,99,622 परीक्षण कराये गये हैं। राज्य में संक्रमण दर 8.17 प्रतिशत है।
सरकारी आंकड़ों के हिसाब से आंध्रप्रदेश प्रति दस लाख लोगों पर दो लाख की जांच कराने वाला एक मात्र बड़ा राज्य है जबकि केरल में प्रति दस लाख लोगों पर 1.89 लाख और कर्नाटक में प्रति दस लाख 1.80 लाख जांच करायी जा रही हैं।
आंध्रप्रदेश में शुक्रवार सुबह नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 64,425 परीक्षण कराये गये और 520 नये मामले सामने आए। इसी के साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 8,74,515 हो गयी है।
बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में कोविड-19 के दो और मरीजों की मौत हुई जबकि 519 मरीज संक्रमणमुक्त हुए ।
बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार तक स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या राज्य में बढकर 8,62,230 हो गयी है। अबतक 7,049 लोगों ने इस संक्रमण के चलते जान गंवायी है।
बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में 5,236 मरीजों का उपचार चल रहा है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव