युवा देश के भविष्य के निर्माण में भागीदार बनना चाहते हैं, शिक्षा उनकी आकांक्षाओं का केंद्र : देवड़ा

Ads

युवा देश के भविष्य के निर्माण में भागीदार बनना चाहते हैं, शिक्षा उनकी आकांक्षाओं का केंद्र : देवड़ा

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 01:10 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 01:10 PM IST

मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने शुक्रवार को कहा कि भारत के युवा देश के भविष्य को आकार देने में भागीदार बनना चाहते हैं और शिक्षा उनकी आकांक्षाओं के केंद्र में है।

यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर व्यापक विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रमुख सहयोगी शिवसेना के नेता देवड़ा ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने के फैसले का भी स्वागत किया और उम्मीद जतायी कि इससे रचनात्मक संवाद की शुरुआत होगी।

राज्यसभा सदस्य देवड़ा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के युवा देश के भविष्य को आकार देने में भागीदार के रूप में देखे जाना चाहते हैं। शिक्षा उनकी आकांक्षाओं के केंद्र में है।’’

युवाओं के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। इस आंदोलन के समर्थन में वांगचुक ने 28 जून को नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया था।

वांगचुक ने बृहस्पतिवार देर रात राष्ट्रीय राजधानी स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद अपना अनशन समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों पर गौर किया जाएगा।

देवड़ा ने कहा, ‘‘मैं वांगचुक जी के अनशन समाप्त करने के फैसले का स्वागत करता हूं और उम्मीद करता हूं कि इससे रचनात्मक संवाद की शुरुआत होगी।’’

कॉजपा के नेतृत्व वाले आंदोलन के समर्थन में मुंबई में भी विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

देवड़ा ने कहा, ‘‘शिवसेना की ओर से मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं को हमेशा के लिए समाप्त करने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करती रहेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य दुनिया की सबसे भरोसेमंद, पारदर्शी और मजबूत शिक्षा व्यवस्था का निर्माण करना होना चाहिए, जो प्रत्येक छात्र को सफलता हासिल करने का समान और निष्पक्ष अवसर प्रदान करे।’’

देवड़ा ने यह पोस्ट अपनी पार्टी के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भी टैग करते हुए साझा की।

भाषा गोला माधव

माधव