सीआरपीएफ के जवान ने एक सहयोगी की हत्या की, एक अन्य को घायल किया

सीआरपीएफ के जवान ने एक सहयोगी की हत्या की, एक अन्य को घायल किया

सीआरपीएफ के जवान ने एक सहयोगी की हत्या की, एक अन्य को घायल किया
Modified Date: November 29, 2022 / 07:59 pm IST
Published Date: January 29, 2021 12:51 pm IST

रायपुर, 29 जनवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक शिविर में शुक्रवार को एक जवान ने गोली चलाकर अपने एक साथी की हत्या कर दी और एक अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जवान ने बाद में अपने खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। जवान का मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपचार चल रहा है।

पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘ केसलूर थानाक्षेत्र के सेडवा गांव में सीआरपीएफ की 241वीं ‘बस्तरिया बटालियन’ के शिविर में सुबह आठ बजे यह घटना हुई।’’

उन्होंने बताया कि मानसिक समस्या के उपचार के लिए शिविर के पृथक वार्ड में भर्ती कराये गये कांस्टेबल गिरीश कुमार (25) ने अपने साथी की राइफल छीन ली और गोलियां चला दीं।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनमें से कांस्टेबल प्रमोद कुमार सोरी (27) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अन्य कांस्टेबल संतोष वाचम (26) घायल हो गया।’’

सोरी नारायणपुर जिले के रहने वाले थे, जबकि वाचम बीजापुर के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि बाद में कुमार ने खुद को गोली मार ली और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुमार राज्य के सुकमा जिले के रहने वाले थे।

पुलिस अधिकारी के अनुसार दोनों घायल कर्मियों को जगदलपुर के एक अस्पताल में ले जाया गया। वहां से उन्हें रायपुर लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है।

नक्सल आतंकवाद से निपटने के लिए बस्तर क्षेत्र में केंद्रीय अर्धसैनिक बल को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया है।

बस्तरिया बटालियन नक्सल प्रभावित जिलों से भर्ती किए गए युवाओं की एक विशेष टुकड़ी है।

भाषा

कृष्ण पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में