पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का स्‍वास्‍थ्‍य पहले से बेहतर

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का स्‍वास्‍थ्‍य पहले से बेहतर

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का स्‍वास्‍थ्‍य पहले से बेहतर
Modified Date: November 29, 2022 / 08:53 pm IST
Published Date: July 11, 2021 6:58 pm IST

लखनऊ, 11 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के स्‍वास्‍थ्‍य में निरंतर सुधार हो रहा है और उनकी सेहत कल से बेहतर है। सिंह राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रह चुके हैं।

लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के ‘क्रिटिकल केयर मेडिसिन’ के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कल्याण सिंह (89) का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।

एसजीपीजीआई द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, ‘‘आज कल्‍याण सिंह की स्थिति कल से बेहतर है और वह अपनी देखभाल में लगे कर्मचारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। हृदयरोग, तंत्रिका रोग, मधुमेह रोग और गुर्दा रोग विशेषज्ञ समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है। विशेषज्ञ महत्वपूर्ण मापदंडों और उनकी दैनिक जांच पर नजर रख रहे हैं।’’

एसजीपीजीआई के निदेशक प्रोफेसर आर के धीमन स्वयं उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।

केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज अपराह्न कल्याण सिंह से भेंट की और डाक्टर से उनके स्वास्थ्य लाभ के विषय में जानकारी प्राप्त की।

21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद सिंह को डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में भर्ती कराया गया था। संस्थान के अनुसार, तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण कल्‍याण सिंह को दिल का हल्का दौरा पड़ा, जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद चार जुलाई को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया।

भाषा आनन्द सलीम अर्पणा

अर्पणा


लेखक के बारे में