स्वर्ण व्यवसायी के पुत्र का अपहरण, अपहरणकर्ताओं ने एक करोड़ की फिरौती मांगी

Ads

स्वर्ण व्यवसायी के पुत्र का अपहरण, अपहरणकर्ताओं ने एक करोड़ की फिरौती मांगी

  •  
  • Publish Date - November 22, 2020 / 02:24 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:41 PM IST

बेगूसराय, 22 नवंबर (भाषा) बिहार के बेगूसराय जिला के गढ़हरा सहायक थाना अंतर्गत बारो गांव निवासी एक स्वर्ण व्यवसायी के 14 वर्षीय पुत्र को रविवार को सुबह अपहृत करने के साथ अपहरणकर्ताओं ने व्यवसायी से बेटे को छोड़ने के एवज में एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है।

पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने वारदात की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक बारो निवासी स्वर्ण व्यवसायी मुकेश ठाकुर के पुत्र मोहित कुमार एवं उनके पड़ोसी राजा राम ठाकुर के 21 वर्षीय पुत्र रौशन ठाकुर रविवार की सुबह छह बजे रेलवे इंटर कॉलेज मैदान में खेलने जा रहे थे तभी चार नकाबपोश अपराधी जो कि एक कार में सवार थे, ने उसका अपहरण कर लिया।

अपहरणकर्ताओं ने रौशन ठाकुर का मोबाइल छीनने और उसके साथ मारपीट करने के बाद उसे सिमरिया केबिन के समीप छोड़ दिया और मोहित को अपने साथ ले गए।

अपहरणकर्ताओं ने रौशन के छीने गए मोबाइल से फोनकर मोहित के पिता से उनके पुत्र की रिहाई के एवज में एक करोड़ रुपये फिरौती मांगी।

गढ़हरा थाना प्रभारी रंजन ठाकुर ने बताया कि अपहरणकर्ता द्वारा रिहा किए गए मोहित के पड़ोसी युवक से पूछताछ के साथ-साथ इस वारदात की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

मोहित के पिता स्वर्ण व्यवसायी है और उनकी बारो बाजार में आभूषण की दुकान है।

इस वारदात से आक्रोशित बारो बाजार के सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर अपहृत व्यवसायी पुत्र की अविलंब सकुशल बरामदगी एवं व्यवसायियों के सुरक्षा की मांग की है।

भाषा सं. अनवर धीरज

धीरज