हरदोई: खाई में पड़ी मिली मुंबई से लापता युवक की कार, चालक सीट पर था पुतला

हरदोई: खाई में पड़ी मिली मुंबई से लापता युवक की कार, चालक सीट पर था पुतला

हरदोई: खाई में पड़ी मिली मुंबई से लापता युवक की कार, चालक सीट पर था पुतला
Modified Date: November 29, 2022 / 09:00 pm IST
Published Date: December 12, 2020 4:58 pm IST

हरदोई (उप्र), 12 दिसंबर (भाषा) हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली इलाके में शनिवार को संदिग्‍ध परिस्थितियों में खाई में पड़ी एक कार मिली, जिसमें चालक की सीट पर एक पुतला बैठाया गया था और उसे जलाने का प्रयास भी किया गया था। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार मुंबई के एक युवक की बताई गई है। इस दशा में कार मिलने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक कपिल देव सिंह और क्षेत्राधिकारी शाहाबाद राकेश वशिष्‍ठ ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

कपिल देव सिंह के अनुसार, गाड़ी का नंबर महाराष्‍ट्र का है।

उन्‍होंने बताया कि नवी मुंबई के रहने वाले विशाल ने अपने भाई के कार समेत लापता होने की जानकारी पुलिस को दी थी। शाहजहांपुर हाइवे पर एक कार खाई में पलटी हुई मिली जिसकी चालक सीट पर पुतला रखा था।

अधिकारी के मुताबिक, पुतला कंबल और कपड़े से बनाया गया था और उसको टोपी और मोजे पहनाए गये थे। गाड़ी के साथ पुतले को जलाने का प्रयास किया गया लेकिन सभी शीशे बंद होने की वजह से गाड़ी पूरी तरह जल नहीं पाई।

एएसपी ने कहा कि पुलिस टीमें सभी बिंदुओं पर जांच कर रही हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महाराष्‍ट्र से लापता युवक की लोकेशन शाहाबाद के आसपास मिली थी और उसके बाद से उसका मोबाइल बंद है।

उन्‍होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि यह कार महाराष्ट्र से चलकर गुजरात के सूरत और झुंझुनूं से होकर उत्‍तर प्रदेश में दाखिल हुई है।

भाषा सं आनन्‍द शफीक उमा

उमा


लेखक के बारे में