सीएम शिवराज के साले संजय सिंह कांग्रेस में शामिल, कहा- मप्र को नाथ की जरुरत
सीएम शिवराज के साले संजय सिंह कांग्रेस में शामिल, कहा- मप्र को नाथ की जरुरत
नई दिल्ली/भोपाल। चुनावी मौसम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय सिंह मसानी शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कहा जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें मप्र की वारासिवनी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाएगी। इस मौके पर संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी में वंशवाद फैल रहा है। पार्टी में कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को शिवराज की नहीं नाथ की जरुरत है। छिंदवाड़ा कमलनाथ के कारण जाना जाता है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी संजय सिंह शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही सीमाई इलाके में काफी सक्रिय रहे हैं और वे लंबे समय से भाजपा नेताओं से वारासिवनी से भाजपा की टिकट मांग रहे थे। लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। इसे देखते हुए संजय सिंह ने कुछ समय पूर्व कहा था कि वे निर्दलीय के रुप में भी चुनाव लड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें : उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बीजेपी में बवाल,कई जगहों पर बगावत के स्वर,केंद्रीय मंत्री को चेतावनी
वर्ष 2017 में मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया था कि मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान के रिश्तेदार संजय सिंह मप्र से कमाया गया कालाधन फिल्मों में लगा रहे हैं। इसी तरह आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. आनंद राय ने आरोप लगाया था कि संजय सिंह फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं और फिल्मों में पैसा लगा रहे हैं। राय के ट्वीट के बाद सीएम चौहान के साले संजय ने डॉ. आनंद राय को मानहानि का नोटिस भेजा था।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


