रमन और पीयूष गोयल ने छत्तीसगढ़ को दी 4 नई रेल लाइन परियोजनाओं की सौगात
रमन और पीयूष गोयल ने छत्तीसगढ़ को दी 4 नई रेल लाइन परियोजनाओं की सौगात
रायपुर। छत्तीसगढ़ को 9 हजार 952 करोड़ रूपए की 345.5 किलोमीटर लंबी चार नई रेल लाइन परियोजनाओं की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अटल विकास यात्रा के अंतर्गत सोमवार को कोरबा जिले के हरदीबाजार में एक आमसभा में इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान कटघोरा-मुंगेली-कवर्धा से होकर डोंगरगढ़ तक 5950 करोड़ रूपए की लागत की 255 किलोमीटर लंबी स्वीकृत नई रेल लाइन परियोजना के लिए संयुक्त भागीदारी अनुबंध पत्र पर भी हस्ताक्षर किए गए। केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत तीन हजार हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया गया।
इस दौरान ईस्ट-वेस्ट रेल कारीडोर परियोजना के तहत गेवरा रोड से पेंड्रा रोड तक चार हजार 970 करोड़ रूपये की लागत से 135.3 किलोमीटर नई रेल लाइन के लिए शिलान्यास किया गया। इसके तहत नौ नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। धरमजयगढ़ से कोरबा तक एक हजार 686 करोड़ रूपए की लागत की 63 किलोमीटर नई रेल लाइन का भी शिलान्यास हुआ। इस रेल लाईन पर 6 नए रेलवे स्टेशन बनेंगे। धरमजयगढ़ से कोरबा तक रेल लाईन का निर्माण ईस्ट रेल कारीडोर परियोजना के द्वितीय चरण के तहत होगा। खरसिया से धरमजयगढ़ तक 131 किलोमीटर नई रेल लाइन के लिए भी शिलान्यास किया गया। यह रेल लाइन ईस्ट रेल कारीडोर के प्रथम चरण का हिस्सा है और इसकी लागत तीन हजार 55 करोड़ रूपए है।
यह भी पढ़ें : राहुल का राफेल को लेकर हमला, कहा देश का चौकीदार चोरी कर गया
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल वीडिया कांफ्रेसिंग के जरिए के हरदीबाजार से ही कोरिया जिले के चिरमिरी-नागपुर रोड हाल्ट तक 17 किलोमीटर की नई रेल लाइन का भी शिलान्यास किया। इसकी अनुमानित लागत 241 करोड़ रूपए है। इस रेल लाईन के बन जाने से अंबिकापुर से बिलासपुर दुर्ग और अनूपपुर-जबलपुर रूट पर चलने वाली सभी रेलगाड़ियां सीधे चिरमिरी होकर गुजरेंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में कटघोरा-करतला-मुंगेली-कवर्धा से खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक 255 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाने के लिए छत्तीसगढ़ रेल कार्पोरेशन द्वारा परियोजना को पूरा करने के लिए संयुक्त भागीदारी अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर भी किए गए। परियोजना के लिए तैयार विस्तृत कार्य रिपोर्ट के अनुसार इसकी लागत पांच हजार 950 करोड़ रूपए अनुमानित है।
यह भी पढ़ें : राम जन्मभूमि केस में इस हफ्ते आ सकता है सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने हरदीबाजार की आम सभा में दो हजार श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण, श्रमिकों के 706 बच्चों को पढ़ाई के लिए छात्रवृत्तियां, श्रमिक भगिनी प्रसूति योजना के तहत 99 महिलाओं को सहायता राशि और विश्वकर्मा दुर्घटना मृत्यु अंत्येष्टि-अनुग्रह राशि योजना के श्रमिकों के 21 परिजनों को सहायता राशि का वितरण किया। इसी प्रकार 42 हितग्राहियों को रिलींग मशीन, सहज बिजली बिल योजना, सौभाग्य योजना के प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री अमर अग्रवाल, संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन, सांसद कोरबा डॉ. बंशीलाल महतो, सांसद बिलासपुर लखनलाल साहू भी उपस्थित थे।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


