केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा- छत्तीसगढ़ में विकास दर अन्य कई राज्यों से काफी तेज
केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा- छत्तीसगढ़ में विकास दर अन्य कई राज्यों से काफी तेज
रायपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सीएम रमन सिंह पूरे विश्व में चाउर वाले बाबा के नाम से जाने जाते हैं। वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि भूख से लड़ने अगर कोई मॉडल देखना है तो छत्तीसगढ़ का देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद रमन सिंह के नेतृत्व को जनता ने स्वीकार किया है। गोयल छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और CSICD के संयुक्त संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के लिए लोगों से खड़े होकर तालियां बजवाई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीएम रमन सिंह उद्योग, व्यापार समेत आम लोगों के समस्या बेहतर तरीके से सुनते हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को छत्तीसगढ़ ने पूरा किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक अंत्योदय पहुंचाने का कार्य रमन सिंह ने किया है। छत्तीसगढ़ में विकास की दर अन्य कई राज्यों से काफी तेज है।
यह भी पढ़ें : बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने पीट-पीट कर गूगल इंजीनियर को मार डाला
गोयल ने कहा कि रेल के मामले में भी छत्तीसगढ़ में बेहतर कार्य हुए हैं। रेलवे में निवेश के मामले में भी छत्तीसगढ़ का योगदान बेहतर है। छत्तीसगढ़ में खनिज का भंडार है, यहां रेलवे के विस्तार की बेहतर संभावना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की प्रबल संभावना है। केंद्र के एक-एक मंत्री छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वहीं उन्होंने कहा कि देश के सवा सौ करोड़ लोग ईमानदार हैं। देश में हर जगह स्थान पर कुछ लोग गड़बड़ हैं। नेता-अधिकारियों में भी कई लोग गड़बड़ हैं। इन तमाम परिस्थितियों के बाद भी मोदी सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। 2014 में एनडीए की सरकार बनने के बाद सभी सोच को एक किया गया। आज देश में अलग-अलग विचारधारा की सरकारें हैं। आप पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, तेलगुदेशम्, जैसी अलग अलग विचारधारा की सरकार है। सभी के विचारों को एक कर के जीएसटी बनाना बहुत बड़ी चुनौती थी, लेकिन पीएम मोदी और अरुण जेटली के क्षमता से जीएसटी लागू करना सम्भव हो सका।
यह भी पढ़ें : संविलियन के बाद शिक्षकों को ये जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी, प्रस्ताव का विरोध
कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि पीयूष गोयल ऊर्जा से परिपूर्ण हैं, वे समस्याओं का तत्काल निराकरण करते हैं। इतने विभाग होने के बाद भी मुस्कुराते रहते हैं। 15 मिनट में बड़ी से बड़ी चर्चा निपटा देते हैं। उन्होंने कहा कि 13 सौ किमी रेललाइन का विस्तार हो रहा है, 60 सालों की विसंगतियों को पूरा करने का ये महत्वपूर्ण निर्णय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज व्यापारी तनावमुक्त हो गया है।
इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने चैंबर के पदाधिकारियों से मुलाकात की। वे 6 अन्य व्यापारिक संगठनों से भी मिले। इस दौरान जीएसटी के सरलीकरण को लेकर हुई चर्चा। रेलवे के अधिकारियों से भी उनसे चर्चा की। रेल लाइन विस्तार पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने SECL के अधिकारियों की भी बैठक ली।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


