बालाघाट। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच बहने वाली वाघ नदी में सोमवार को दो लड़कियां बह गईं। ये हादसा सेल्फी लेते वक्त हुआ। सेल्फी लेते-लेते दोनों लड़कियां अनियंत्रित होकर नदी में गिरी और तेज बहाव में बह गईं। ऐसा ही एक हादसा छत्तीसगढ़ के एक पिकनिक स्पॉट जतमई घटारानी में शनिवार को हुआ था, जिसमें सेल्फी लेने के चक्कर में एक युवक 50 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया था। IBC24 पर्यटकों से ये अपील करता है कि ऐसी जगहों पर जाएं तो सावधानी जरुर बरतें। सेल्फी लेने के प्रयास में जान जोखिम में न डालें। सोचें-विचारें फिर कोई कदम उठाएं।
बताया जा रहा है कि आज रजेगांव कोरनी गांव में 9 लड़कियां नदी किनारे गई थीं। इनमें से दो लड़कियां बहाव के नजदीक जाकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रही थी कि अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गईं। चूंकि नदी का बहाव तेज था इसलिए गिरते ही वे बह गईं।
यह भी पढ़ें :
दोनों ही लड़कियां महाराष्ट्र निवासी थीं। काफी समय बाद महाराष्ट्र के बचावकर्मियों को नदी में कुछ दूरी पर उनकी लाश मिली। बता दें कि इससे पहले शनिवार को भी छत्तीसगढ़ में एक ऐसा ही मामला सामने आया था। इस घटना में पिकनिक स्पॉट जतमई घटरानी में एक पहाड़ी पर चढ़कर एक युवक सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह पहाड़ी से सीधे 50 फीट नीचे आ गिरा। उसकी मौत हो गई।
वेब डेस्क, IBC24