रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हुई बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश का दौर थमने के बाद भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। राजधानी रायपुर में 2 दिनों तक लगातार बारिश से शहर के कई इलाकों में जल भराव हो गया था..बारिश थमने के साथ ही जल भराव समाप्त हो गया है। लेकिन कहीं पर रोड खराब होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तो कहीं पर लोग कचरे के ढेर और मच्छर से परेशान हैं। राजिम में गोबरा-नवापारा की निचली बस्तियों में रहनेवाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यहां क़रीब साढ़े तीन सौ घर जलमग्न हो गए थे। बारिश थमने के बाद और 3 दिन तक राहत शिविरों में रहने के बाद लोग वापस लौट रहे हैं, लेकिन कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं तो कई घर पूरी तरह बाढ़ की भेंट चढ़ गए हैं। घर में रखे रोजमर्रा की जरूरतों के सामान और खाने-पीने की पूरी सामग्री और बच्चों की कापी-किताब भी पानी में बर्बाद हो चुकी हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए ये दोहरी मार है।
#Chhattisgarh #Rajim प्रदेश में बारिश के बाद बिगड़े हालात, राजिम में 350 घर बर्बाद, बीमारियों का खतरा बढ़ा। pic.twitter.com/eVoNbG65Ma
— IBC24 (@IBC24News) August 29, 2018
पढ़ें- माननीयों के लिए प्लेटफॉर्म तक पहुंची गाड़ियां, लालबत्ती गई लेकिन जलवा बरकरार, देखिए वीडियो
इधर कांकेर के नरहरपुर ब्लॉक के बागोड़ गांव में किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। प्रशासन भी नुकसान के आंकलन में जुटा है। वहीं भानुप्रतापपुर में बीते एक हफ्ते में रिकार्ड बारिश हुई है। बारिश का दौर थमने के बाद जगह-जगह कीचड़ से लोग परेशान हैं। वहीं गंदगी की वजह से बीमारी का खतरा भी मंडरा रहा है।
पढ़ें-बरसात में दलदल में तब्दील सड़क, छात्रों के लिए तकलीफदेह है तीन किमी स्कूल का सफर
भानुप्रतापपुर में बारिश से सड़कें बदहाल, बीमारियों का खतरा बढ़ा
भानुप्रतापपुर ब्लॉक के कच्चे से दमकसा जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन से पत्थर और पेड़ सड़क पर गिर गए है जिससे मार्ग बाधित हो गया है जिससे कई गांव का संपर्क टूट गया है। वहीं कुछ लोग जान जोखिम में डालकर रास्ते को पार करने की कोशिश भी कर रहे हैं। लगातार बारिश के बाद सड़कें दलदल में तब्दील हो चुकी है। शहर के अधिकांश मार्ग कीचड़ से पटा हुआ है। जिसको लेकर प्रशासन ने अभी तक कोई सुध नहीं ली है। जिससे क्षेत्र के लोगो में गुस्सा भी देखा जा रहा है । एक तरफ प्रदेश में डेंगू जैसी जानलेवा बीमारी फैली हुई है दूसरी तरफ प्रशासन साफ सफाई को लेकर जरा भी जागरूक नज़र नहीं आ रहा है ।
वेब डेस्क, IBC24