पश्चिमी उत्तर प्रदेश को गुंड़ों, माफिया से भाजपा सरकार ने मुक्‍त कराया : योगी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश को गुंड़ों, माफिया से भाजपा सरकार ने मुक्‍त कराया : योगी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश को गुंड़ों, माफिया से भाजपा सरकार ने मुक्‍त कराया : योगी
Modified Date: November 29, 2022 / 08:39 pm IST
Published Date: October 22, 2020 2:15 pm IST

लखनऊ, 22 अक्‍टूबर (भाषा) मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में प्रचार की शुरुआत में ही आक्रामकता दिखाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पश्चिम उत्तर प्रदेश को गुण्‍डों, माफियाओं से मुक्‍त कराया।

पूववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा, ‘‘पिछली सरकारों के कार्यकाल में जो गुण्‍डे, बदमाश सत्‍ता के संरक्षण से व्‍यापारियों का शोषण करते थे, लोगों की जमीनों पर कब्‍जा कर लेते थे, वे आज अपनी जान की भीख मांग रहे हैं। इन गुण्‍डे माफियाओं की अकूत संपत्तियों पर हमने बुल्‍डोजर चलवाया है।’’

मुख्यमंत्री ने उपचुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को बुलंदशहर, नौगांवा सादात और टुंडला में जनसभाएं कीं।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह के साथ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने बुलंदशहर की सदर विधान सभा से उपचुनाव की रैली की शुरूआत की। उन्होंने कहा, ‘‘2017 में विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत भी मैंने बुलंदशहर से की थी और कहा था कि भाजपा आएगी तो गुण्‍डा राज खत्‍म होगा, बेटियों की रक्षा होगी। परिणाम सामने है, सत्‍ता के संरक्षण में जो गुण्‍डे व्‍यापारियों का शोषण करते थे, जनता की जमीनों पर कब्‍जा करते थे और बेखौफ घूमते थे, आज उनके द्वारा हथियाई गई संपत्तियों पर बुल्‍डोजर चल रहा है, गुण्‍डे जान की भीख मांग रहे हैं।’’

बुलंदशहर की रैली के मंच से मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुये कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष पीएफआई (पापुलर फ्रंट आफ इंडिया) के लोगों से मिलने केरल जाते हैं। यह वही पीएफआई है जो देश भर में दंगों की श्रृंखला खड़ी करना चाहती है। उन्‍होंने कहा कि जाति के नाम पर राजनीति कर रहे लोग देश को कमजोर कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह वही पश्चिमी उत्तर प्रदेश है जहां कांवड़ यात्रा नहीं निकलने दी जाती थी और कहा जाता था कि इससे दंगे हो जाएंगे। तब हमने कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो कोई दंगा नहीं होगा, दंगा करने वालों को हम ठीक कर देंगे। अब कांवड़ यात्रा भी निकलती है और पुष्‍प वर्षा भी होती है। उत्‍तर प्रदेश को उत्‍तम प्रदेश बनाने के लिए भाजपा की सरकार काम कर रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों की चिंता की, लेकिन उनके नाम पर राजनीति करने वालों ने कभी किसानों के बारे में नहीं सोचा। पिछली सरकारों ने किसानों की चिंता की होती तो चीनी मिलों का विस्‍तारीकरण और आधुनिकीकरण हुआ होता। भाजपा सरकार में यह सारे कार्य तेजी से हो रहे हैं। चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने का काम भाजपा ही कर सकती है।’’

योगी ने कहा कि महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्‍वविद्यालय बनाने के लिए अपनी पूरी संपत्ति दान कर दी लेकिन उनके नाम की एक शिला भी नहीं लगी।

विपक्ष पर प्रहार करते हुए उन्‍होंने कहा कि कैराना और कांधला के व्‍यापारियों का पलायन कराने और मुजफ्फरपुर में दंगों की श्रृंखला खड़ी कर किसी निर्दोष सचिन और गौरव को मरवाने के लिए तुम्‍हारे जातिवादी नारे होते हैं।

उन्होंने कहा कि टुण्‍डला में महिला डिग्री कालेज का निर्माण हो रहा है जो भाजपा के शासन काल में ही संभव हुआ। भाजपा ही एक मात्र दल है जहां जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को टिकट दिया जाता है, वही बाद में प्रधानमंत्री और मुख्‍यमंत्री भी बनता है।

भाषा जफर अर्पणा

अर्पणा


लेखक के बारे में