चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण होगी कार्यकर्ताओं की राय : प्रियंका

चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण होगी कार्यकर्ताओं की राय : प्रियंका

चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण होगी कार्यकर्ताओं की राय : प्रियंका
Modified Date: November 29, 2022 / 08:57 pm IST
Published Date: July 4, 2021 12:09 pm IST

लखनऊ, चार जुलाई (भाषा) कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को सबसे अधिक अहमियत देने का संकेत देते हुये रविवार को कहा कि हर स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद अहम है।

प्रियंका ने प्रदेश पदाधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए कहा ‘आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन और कार्यकर्ताओं की राय सबसे महत्वपूर्ण होगी।’

उन्होंने कहा ‘मजबूत संगठन की दिशा में सतत प्रयास सफलता का महत्वपूर्ण बिंदु है। संगठन सृजन अभियान से बूथ का निर्माण दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है, जिस पर कांग्रेसजनों द्वारा लगातार सक्रिय होकर काम करने के अच्छे परिणाम आने लगे हैं। सबको रीढ़ बनकर संगठन को मजबूत करना है।’

प्रियंका ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी से कराह रही जनता की आवाज बनें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल तथा रसोई गैस के दामों में लगातार हो रहे इजाफे के विरूद्व भाजपा सरकार के खिलाफ मुखरता के साथ आंदोलित रहे।

पार्टी महासचिव ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘कांग्रेस जनता को कभी भी मझधार में नहीं छोड़ सकती। यह हमारी प्रेरणा का मूलमंत्र है। बढ़ती महंगाई ज्वलंत और बड़ा मुद्दा है। उस पर गम्भीरतापूर्वक रणनीति के साथ आंदोलन खड़ा करना है। देश अनेक प्रकार की त्रासदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेसजनों के लिये महत्वपूर्ण साबित होगा।’

भाषा सलीम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में