(Stock Market 07 May 2026/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market 07 May 2026 in India: ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेतों के बीच आज गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सपाट रहने की संभावना जताई जा रही है। गिफ्ट निफ्टी हल्की कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा। जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि सेंसेक्स और निफ्टी 50 में खुलते समय ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, निवेशकों की नजरें विदेशी बाजारों, कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका ईरान तनाव से जुड़े घटनाक्रम पर बनी हुई है। इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजा ने शानदार तेजी दिखाई थी और मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में शानदार खरीदारी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स करीब 940 अंक चढ़कर 77,958 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी-50 में भी उछाल दर्ज की गई और यह 298 अंक बढ़कर 24,330 पर पहुंच गया। बैंकिंग, आईटी और ऑटो शेयरों में अच्छी खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। निवेशकों का भरोसा मजबूत रहने से बाजार ने दिनभर सकारात्मक कारोबार किया। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सत्रों में वैश्विक संकेत बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।
एशियाई बाजारों में गुरुवार को मिश्रित कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स जोरदार तेजी के साथ पहली बार 62,000 के स्तर के पार पहुंच गया। वहीं टॉपिक्स इंडेक्स में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर दक्षिण कोरिया के कोस्पी और कोस्डैक इंडेक्स कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा। अगर अमेरिकी शेयर बाजारों की बात करें तो वॉल स्ट्रीट में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। डॉऊ जोन्स, S&P 500 और नैस्डैक सभी मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए।
गिफ्ट निफ्टी करीब 24,442 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से करीब 5 अंक नीचे था। जिससे भारतीय बाजार की सपाट शुरुआत के संकेत मिले। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव भी निवेशकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा तनाव जल्द खत्म हो सकता है। वहीं ईरान की ओर से कहा गया है कि अमेरिकी प्रस्तावों पर अभी विचार किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड ऊंचे स्तर पर स्थिर बना रहा। जबकि चांदी की कीमतों में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में पिछले सत्र की गिरावट के बाद थोड़ी स्थिरता देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई दोनों में हल्की तेजी दर्ज की गई। तेल की कीमतों में बदलाव का असर भारतीय बाजार और महंगाई पर भी पड़ सकता है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।