(Bonus Share News/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: Bonus Share News: इस हफ्ते शेयर बाजार में निवेशकों के लिए बोनस शेयर का मौका मिलने वाला है। तीन कंपनियां एक्स-बोनस स्टॉक के तौर पर ट्रेड करेंगी। इन कंपनियों में सरकारी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) भी शामिल है। खास बात यह है कि LIC पहली बार अपने निवेशकों को बोनस शेयर देने जा रही है। इसके अलावा PAE Ltd और F Mec International Financial Services Ltd भी बोनस शेयर का फायदा देंगी।
LIC ने अपने निवेशकों के लिए 1:1 बोनस शेयर का ऐलान किया है। इसका मतलब है कि निवेशकों को एक शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर मिलेगा। कंपनी ने इसके लिए 29 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। शुक्रवार को LIC का शेयर बीएसई पर 1 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 813.05 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि पिछले छह महीनों में कंपनी के शेयर में करीब 9.84 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। फिर भी बोनस शेयर के ऐलान के बाद निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
स्मॉल कैप कंपनी PAE Ltd ने 1 शेयर पर 6 बोनस शेयर देने का ऐलान किया है। कंपनी ने इसके लिए 25 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। यानी इस दिन जिन निवेशकों का नाम रिकॉर्ड बुक में रहेगा उन्हें बोनस शेयर का फायदा मिलेगा। शुक्रवार को कंपनी के शेयर में 5 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा और शेयर 32.49 रुपये पर पहुंच गया। पिछले तीन महीनों में कंपनी के शेयर 176 प्रतिशत तक चढ़ चुका है। जबकि एक साल में इसमें 606 प्रतिशत की तेजी आई है।
F Mec International Financial Services Ltd भी इस हफ्ते एक्स-बोनस ट्रेड करेगी। कंपनी ने 10 शेयर पर 1 बोनस शेयर देने की घोषणा की है। साथ ही कंपनी अपने शेयरों का स्टॉक स्प्लिट भी करेगी। 26 मई को कंपनी के शेयर 5 हिस्सों में बंटेंगे। जिसके बाद फेस वैल्यू 10 रुपये से घटकर 2 रुपये हो जाएगी। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 78 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि पिछले छह महीनों में इसमें 28 प्रतिशत और एक साल में 27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।