मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय: पीयूष गोयल

Ads

मोदी सरकार के 12 वर्ष भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय: पीयूष गोयल

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 09:21 PM IST

लखनऊ, 11 जून (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों को भारत के परिवर्तन, सुशासन, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि का कालखंड बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह देश के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लखनऊ महानगर इकाई द्वारा हजरतगंज स्थित सहकारिता भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 4,400 दिनों से अधिक का सतत कार्यकाल लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद लगातार प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा की है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। बिना एक दिन का अवकाश लिए राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करना उनकी कार्यशैली की विशेषता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन भारत को विश्व शक्ति बनाने, 140 करोड़ देशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर करने और विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित कर दिया है तथा ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ का मंत्र आज देश के विकास का आधार बन चुका है।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है और ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनेगा, तब भारत और अधिक तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर होगा।

वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है और आज दुनिया भारत को आशा तथा स्थिरता के प्रतीक के रूप में देख रही है।

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि देश का कोई भी नागरिक भूखा न सोए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अंतर्गत देशवासियों को निःशुल्क टीके उपलब्ध कराए गए, जिससे करोड़ों लोगों का जीवन सुरक्षित हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है।

गोयल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित किया गया है। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता क्षेत्र की क्षमता को पहचानते हुए अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को नयी दिशा और गति मिली है।

गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार ने नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी है और देश तेजी से नक्सलवाद-मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए ‘पंच प्रण’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता के माध्यम से भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

भाषा

राजेंद्र रवि कांत