बुलंदशहर, 28 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंगलवार को स्कूल से घर लौट रही चौथी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा मंगलवार को जलभराव के बीच सड़क किनारे खुले नाले में गिर गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा की पहचान चारु कश्यप के रूप में हुई है।
समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), बाढ़ पीएसी, नगर पालिका परिषद की टीमों तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष दीप्ति मित्तल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी स्थानीय पार्षद से मिली।
उन्होंने कहा, “छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी, तभी वह खुले नाले में गिरकर बह गई। नगर पालिका और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हमें उम्मीद है कि वह सुरक्षित मिल जाएगी।”
पुलिस क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने बताया कि तलाशी अभियान लगातार जारी है।
उन्होंने बताया, “जलभराव के कारण छात्रा को यह पता नहीं चल सका कि सड़क किनारे नाले का एक हिस्सा खुला हुआ है, जिसके चलते यह हादसा हुआ।”
अधिकारी ने बताया कि छात्रा की तलाश की जा रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र