बागपत में दुर्लभ प्रजाति के तोतों के 170 बच्चे बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

Ads

बागपत में दुर्लभ प्रजाति के तोतों के 170 बच्चे बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 09:04 PM IST

बागपत (उप्र) छह अप्रैल (भाषा) बागपत जिले में पुलिस और पशु कल्याण दल ने साझा कार्रवाई करते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर तस्करी कर ले जाए जा रहे दुर्लभ प्रजाति के तोतों के 170 बच्चे बरामद किये। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पशु कल्याण अधिकारी गौरव गुप्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर मवीकलां टोल प्लाजा के पास एक संदिग्ध टैक्सी को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें सात पिंजरों में बंद दुर्लभ प्रजाति के तोतों के 170 बच्चे बरामद हुए। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस बीच प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) विनोद कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बरामद तोतों के बच्चों की प्रजाति उनके बहुत छोटे होने के कारण अभी मालूम नहीं हो सकी है।

वहीं बागपत कोतवाली के थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।

गुप्ता ने कहा कि सभी पक्षियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर भोजन और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा पशु चिकित्सकों से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ से इन तोतों को लेकर आ रहे थे और इन्हें अवैध रूप से बेचने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बरामद सभी तोतों को आगे की देखभाल के लिए दिल्ली के पशु अस्पताल भेजा जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज