मथुरा, 24 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा में मादक पदार्थ रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) ने फरह पुलिस के सहयोग से जैविक खाद के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 251 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है। मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनका कथित सरगना फरार हो गया।
एएनटीएफ आगरा के पुलिस उपाधीक्षक उमेश पवार ने सोमवार को बताया कि रविवार को खुफिया सूचना मिली थी कि एक ट्रक में उड़ीसा से जैविक खाद के नीचे छिपाकर बड़ी मात्रा में गांजा अलीगढ़ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और फरह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि ग्वालियर राजमार्ग से आ रहे ट्रक को आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान जैविक खाद के कट्टों के नीचे छिपाकर रखा गया 251 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गांजे की खेप को मथुरा और अलीगढ़ में पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने ट्रक की आगे टोह लेते चल रही एक कार में सवार तीन लोगों तथा ट्रक के चालक और क्लीनर समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनका कथित सरगना मुकुल मोटरसाइकिल से ट्रक के पीछे चल रहा था और पुलिस की कार्रवाई देखकर फरार हो गया।
रिफाइनरी क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा के मलकानगिरि जिले के रहने वाले ट्रक चालक जयंती और क्लीनर विद्युत तथा अलीगढ़ निवासी हरविंदर, अभिजीत और ललित शामिल हैं। कथित सरगना मुकुल की तलाश की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा