उप्र में प्रशिक्षित कर 4.22 लाख युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरियां दिलाई गईं

Ads

उप्र में प्रशिक्षित कर 4.22 लाख युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरियां दिलाई गईं

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 05:44 PM IST

लखनऊ, 11 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को पेश बजट में रोजगार सृजन, युवा सशक्तीकरण और विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्ती को प्रमुख उपलब्धियों और प्राथमिकताओं के रूप में प्रस्तुत किया है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा विगत पांच वर्षों में 92,5000 युवाओं को विभिन्न अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रशिक्षित कर प्रमाणित किया गया, जिनमें से चार लाख 22 हजार युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाई गई।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत वर्तमान में संचालित 163 अभ्युदय केदो पर 23,000 से अधिक युवाओं को मुफ्त कोचिंग प्रदान की जा रही है।

युवाओं को सरकारी नीति निर्माण और क्रियान्वयन में सहभागिता प्रदान करने के लिए 108 आकांक्षात्मक विकास खंडों में मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत अब तक 49 लाख 86 हजार टैबलेट व स्मार्टफोन निशुल्क वितरित किए गए। प्रदेश में अब तक 90,000 मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई।

मिशन रोजगार के अन्‍तर्गत राजकीय माध्‍यमिक विद्यालयों में 1939 प्रवक्‍ता, 6808 सहायक अध्यापक एवं 219 प्रधानाचार्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई। 2017 से अब तक सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कुल 34,074 शिक्षकों का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उद्देश्य युवा उद्यमियों को बिना गारंटी और बिना ब्याज के ऋण प्रदान करके प्रतिवर्ष एक लाख नए सूक्ष्म उद्यम स्थापित करना है, और आवश्यकता पड़ने पर इस लक्ष्य को बढ़ाने की भी गुंजाइश है।

भाषा आनन्द नोमान

नोमान