लखनऊः Sugarcane Price Increased उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुधवार को अपना बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण के दौरान कई बड़े ऐलान किए। 8 लाख 8 हजार 736 करोड़ 6 लाख रुपये के इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिलाओं, इंफ्रास्टक्चर पर खास फोकस किया गया है। योगी सरकार ने बजट का 25% इंफ्रास्टक्चर को दिया है। वहीं, कृषि को 12%, उच्च से लेकर बेसिक एजुकेशन को 12.50 से 15% तक, जबकि हेल्थ को 6-8% अमाउंट दिया गया है। योगी सरकार ने किसानों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए हैं।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश, कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा उत्पादन में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का योगदान सर्वाधिक है। किसानों की खुशहाली के लिए सरकार ने नलकूपों से सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली आपूर्ति जारी रखी है। गन्ना किसानों को रिकॉर्ड 3,04,321 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने के दाम में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों को 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए 3.12 करोड़ किसानों के खातों में 94,668 करोड़ रुपये सीधे भेजे गए हैं।
Sugarcane Price Increased योगी सरकार ने उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए बजट में खास ध्यान दिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 6,591 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 7 प्रतिशत ज्यादा है। मेधावी छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 400 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। इस योजना में योग्य छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी, ताकि उन्हें कॉलेज और विश्वविद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके। युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए 40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
सरकार नए विश्वविद्यालयों की स्थापना पर भी जोर दे रही है। विंध्याचल मंडल में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय (मिर्जापुर), मुरादाबाद मंडल में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (मुरादाबाद) और देवीपाटन मंडल में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय (बलरामपुर) के लिए 50-50 करोड़ रुपए देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए नई योजना के तहत 21 करोड़ रुपए रखे गए हैं। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से प्रदेश में उच्च शिक्षा का विस्तार होगा और युवाओं को बेहतर शैक्षिक अवसर मिलेंगे। इसके अलावा सरकार ने 14 नए मेडिकल कॉलेज खोलने का ऐलान किया है।