उप्र : लखनऊ में डबल डेकर बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 14 अन्य घायल

उप्र : लखनऊ में डबल डेकर बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 14 अन्य घायल

उप्र : लखनऊ में डबल डेकर बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 14 अन्य घायल
Modified Date: February 23, 2026 / 07:47 pm IST
Published Date: February 23, 2026 7:47 pm IST

लखनऊ, 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक डबल डेकर बस के पलट जाने से उसमें सवार एक महिला और तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि कम से कम 14 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निपुण अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

डीसीपी अग्रवाल ने बताया कि इस हादसे में एक महिला, एक पुरुष और तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम लुधियाना (पंजाब) से मोतिहारी (बिहार) जाने वाली डबल डेकर बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे वे टोल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस और प्रशासन की टीम के अलावा एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।

डीसीपी अग्रवाल ने कहा, ‘‘इस हादसे में पांच लोगों – एक पुरुष, एक महिला और तीन बच्चों – की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को एसजीपीजीआई (संजय गांधी स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान) और केजीएमयू (किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय) के ट्रॉमा सेंटरों में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

अतिरिक्त डीसीपी (दक्षिण) रल्लापल्ली वसंत कुमार ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 14 यात्रियों को इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया है। यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे के 11.2 किलोमीटर के निशान पर हुई।

अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में लगभग 80 से 85 यात्री सवार थे।

भाषा

आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में