अकेले उत्तर प्रदेश में 55 प्रतिशत स्मार्टफोन का हो रहा निर्माण: मुख्यमंत्री योगी

अकेले उत्तर प्रदेश में 55 प्रतिशत स्मार्टफोन का हो रहा निर्माण: मुख्यमंत्री योगी

अकेले उत्तर प्रदेश में 55 प्रतिशत स्मार्टफोन का हो रहा निर्माण: मुख्यमंत्री योगी
Modified Date: February 20, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: February 20, 2026 8:17 pm IST

लखनऊ, 20 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य ने आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में देश के कुल स्मार्टफोन निर्माण का 55 प्रतिशत हिस्सा तैयार हो रहा है और राज्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्पादन में भी अग्रणी बनकर उभरा है।

योगी ने कहा कि प्रदेश में बनने वाले इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का लगभग 60 प्रतिशत उत्पादन हो रहा है, जो औद्योगिक विस्तार और निवेश का स्पष्ट संकेत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश के तहत इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों ने प्रदेश में निवेश करना शुरू कर दिया है।

योगी ने कहा कि 21 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गौतमबुद्ध नगर में एक फैब यूनिट का शिलान्यास करेंगे, जिसमें दुनियाभर की प्रमुख कंपनियां और भारत की कंपनियां मिलकर निवेश करेंगी।

उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश में स्टार्टअप कल्चर का अभाव था लेकिन अब उत्तर प्रदेश में 20,000 से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप सक्रिय हैं।

योगी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले का स्टार्टअप कल्चर ‘कट्टा-बम’ तक सीमित था, जो अवैध गतिविधियों से जुड़ी मानसिकता को दर्शाता था। मुख्यमंत्री ने ‘एआई प्रज्ञा’ योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत नागरिकों और सरकारी कार्मिकों को कृत्रिम मेधा (एआई) में प्रशिक्षित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, 25 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है ताकि प्रदेश में तकनीकी निवेश बढ़े और युवा सशक्त हो सकें। योगी ने प्रदेश के शहरीकरण, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर सरकार की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों को अगले पांच वर्षों में सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए 100 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी।

हाल ही में 114 टाउनशिप प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है, जिससे प्रदेश में आधुनिक नगरीय ढांचे का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने परिवहन अवसंरचना के विस्तार के तहत लखनऊ मेट्रो के चारबाग से वसंतकुंज फेज के लिए 1268 करोड़ रुपये का प्रावधान किया।

इसके अलावा मेरठ-दिल्ली के बीच नमो भारत ट्रेन (रैपिड रेल) के उद्घाटन की घोषणा की गई है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा केवल 40 से 45 मिनट में संभव होगी।

मेरठ में दो नए कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, एक नमो भारत ट्रेन के लिए और दूसरा मेट्रो संचालन के लिए, जो क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाएगा।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में