गाजियाबाद स्कूल परिसर में दिखे तेंदुए को वन विभाग ने पकड़ लिया
गाजियाबाद स्कूल परिसर में दिखे तेंदुए को वन विभाग ने पकड़ लिया
गाजियाबाद (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) गाजियाबाद में वन विभाग ने बुधवार को गोविंदपुरम इलाके के एक स्कूल परिसर में तेंदुए को देखे जाने के बाद उसे पकड़ लिया।
गाजियाबाद में ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया था। वन विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पहले स्कूल को खाली कराया और फिर उसे बंद करा दिया।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) ईशा सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्कूल बंद कर दिया गया है और अधिकारियों ने संस्थान के चारों ओर एक सुरक्षा घेरा स्थापित कर दिया है एवं पुलिस ने सभी प्रमुख पहुंच मार्गों को बंद कर दिया है।
सिंह के अनुसार बाद में, वनकर्मियों की टीम ने तेंदुए को एक स्कूल के शौचालय में देखा और उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने के लिए शौचालय की दीवार में चार फुट चौड़ा छेद किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘ट्रैंक्विलाइज़र डार्ट’ के जरिए ‘तेंदुआ’ को बेहोश किया गया और उसे पिंजरे में बंद कर दिया गया।
उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) डॉ. सलोनी के मुताबिक, तेंदुए को सहारनपुर के शिवालिक रेंज में ले जाया जाएगा।
यात्रा के दौरान तेंदुए की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पशु चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में उसे स्थानांतरण किया जाएगा।
ऑपरेशन के दौरान किसी कर्मचारी या स्थानीय निवासी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इससे पहले प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) ईशा सिंह ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि गोविंदपुरम क्षेत्र में स्थित ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तेंदुआ नजर आया है, इसके बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए स्कूल परिसर में पिंजड़ा और जाल भी लगाए गए हैं।
सिंह ने बताया कि वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में बुधवार को गोविंदपुरम इलाके में अभियान शुरू किया है।
सिंह ने कहा कि वन विभाग की टीम तेंदुए के पैरों के निशानों के जरिए यह पता लग रही है कि वह गाजियाबाद शहर में कैसे आया।
उन्होंने बताया कि पूर्व में तेंदुए गढ़मुक्तेश्वर की तरफ से गंग नहर और नदी के रास्ते आए थे।
भाषा सं सलीम जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


