आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर संग्रहालय बनेगाः आदित्यनाथ
आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर संग्रहालय बनेगाः आदित्यनाथ
आगरा (उप्र), 25 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर संग्रहालय बनेगा।
मुख्यमंत्री ने आगरा में आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण और आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों के लिए 342 करोड़ रुपये से अधिक की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “जिस आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपना शौर्य दिखाया था, सपा सरकार वहां मुगल संग्रहालय बना रही थी।”
उन्होंने कहा, “हमने कहा, उत्तर प्रदेश की जनता का पैसा किसी आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर संग्रहालय बनाने पर खर्च होगा।”
उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर भव्य संग्रहालय के निर्माण का कार्य इस वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा।
आगरा के विकास पर उन्होंने कहा, ‘‘हमने आगरा में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने की दिशा में पहले ही कदम उठा लिए हैं। आगरा अब न केवल ब्रज क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के लिए, बल्कि पर्यटन के लिए भी एक नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। संपर्क व्यवस्था काफी सुधार हुआ है।’’
योगी ने कहा कि रक्षा विनिर्माण गलियारे का एक महत्वपूर्ण नोड आगरा के अंदर विकसित करने जा रहे हैं।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आगरा ‘स्मार्ट सिटी’ के साथ-साथ ‘सेफ सिटी’ के एक नए मॉडल की तरफ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में 500 महिलाओं के लिए श्रमजीवी हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने स्वीकृति देने के साथ बजट भी जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और उससे पहले कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में नौजवानों की नौकरियों में भ्रष्टाचार, गरीबों की योजनाओं में अनियमितता और किसानों के हितों की उपेक्षा हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन परिस्थितियों के कारण प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ, किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हुए तथा बेटियां और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ की सरकार बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके और बिना किसी भेदभाव के गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और माफियाराज से मुक्त होकर विकास और सुशासन में नयी पहचान बना चुका है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और विकास की गति तेज हुई है।’’
भाषा आनन्द आशीष
आशीष

Facebook


