रामपुर (उप्र), सात अगस्त (भाषा) रामपुर के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह सिसोदिया गोकशी पर अपनी टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने कहा कि एक सच्चा मुस्लिम गोकशी में शामिल नहीं हो सकता और ऐसे कृत्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।
यहां पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को एक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में गोकशी के खिलाफ अभियान के बारे में सिसोदिया ने कहा कि सावन के महीने में गंज और स्वार पुलिस थाना क्षेत्रों में ये घटनाएं सामने आई हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पुलिस अधीक्षक को कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘इस्लाम के मुताबिक, ऐसे किसी भी पशु का मांस खाना हराम है जिससे दूसरे व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती हो। एक सच्चा मुसलमान कभी ऐसे कृत्य में शामिल नहीं हो सकता। जो लोग ऐसी गतिविधियों में शामिल हैं उनसे निपटना मेरा काम है।’’
उन्होंने कहा कि वह रामपुर में मौलवियों के साथ बैठकें करेंगे और उनसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह करेंगे कि इस तरह की घटनाएं ना हों।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक