‘आप’ 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक निकालेगी ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा

‘आप’ 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक निकालेगी ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा

‘आप’ 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक निकालेगी ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा
Modified Date: May 14, 2026 / 06:14 pm IST
Published Date: May 14, 2026 6:14 pm IST

मेरठ, 14 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने 16 मई से मेरठ से गाजियाबाद तक पांचवें चरण की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकालने की घोषणा करते हुए बृहस्पतिवार को भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।

आम आदमी पार्टी की ओर से यहां आयोजित एक प्रेस वार्ता में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के नेतृत्व में प्रस्तावित पदयात्रा की रूपरेखा साझा की गई।

दिल्ली के विधायक सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि पदयात्रा का पहला चरण 16 मई को मेरठ के कमिश्नरी पार्क से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा कचहरी, बच्चा पार्क, खैर नगर, घंटाघर और डीएन कॉलेज क्षेत्र से होते हुए ब्रह्मपुरी पहुंचेगी।

चौधरी ने दावा किया कि यात्रा के माध्यम से युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है और युवा बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील भी की।

आप की पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर बताते हुए सरकार पर आम जनता के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि पार्टी की यह पदयात्रा सामाजिक न्याय, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, पदयात्रा का समापन 20 मई को गाजियाबाद में होगा, जहां संजय सिंह एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में