उप्र: पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में छात्र ने चाकू से हमला कर छात्रा की हत्या की
उप्र: पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में छात्र ने चाकू से हमला कर छात्रा की हत्या की
पीलीभीत, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को पैरामेडिकल के एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से कथित तौर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में हुई।
पुलिस ने बताया कि बरेली निवासी कशिश पटेल (22) और उसके सहपाठी कानपुर निवासी सागर (24) के बीच पुराने विवाद और एकतरफा प्रेम प्रसंग को लेकर कथित तौर पर कहासुनी हुई।
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर सागर ने चाकू से छात्रा के गले पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने बताया कि छात्रा को पहले मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में गंभीर हालत में बरेली के एसआरएमएस अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया, जहां मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपी छात्र को मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सहपाठियों से पूछताछ की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दोनों विद्यार्थियों के बीच पुराने विवाद और कथित एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि घटना के बाद आपातकालीन विभाग में ‘हाई अलर्ट’ घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और घटना के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो अपनी रिपोर्ट कॉलेज प्रशासन को सौंपेगी।
क्षेत्राधिकारी (नगर) अमरनाथ वर्मा ने बताया कि छात्रा की मौत के बाद मामले में दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान बीच-बचाव करने पर स्टाफ नर्स निधि सहगल भी घायल हो गईं और उनका उपचार किया गया।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


